Tuesday 20th of October 2026

ब्रेकिंग

बाबाताल शिव मन्दिर मे शस्त्र पूजन बड़े हर्ष और उत्साह के साथ सम्पन्न किया

मंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दिया शांति, सद्भाव, संयम और नशामुक्त समाज का संदेश

नरसिंहपुर में राजमार्ग स्थित श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक के की आंखों में मिर्ची डालकर लूट की वारदात को दिया अंजाम

इंदौर में एमजीएम और डेंटल कॉलेज के चिकित्सा शिक्षक काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध

बांधकर बेरहमी से पीटने की चर्चा, गंभीर सवालों के घेरे में घटना

नरसिंहपुर पुलिस लाइन में आयोजित हुआ शस्त्र पूजन : मंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दिया शांति, सद्भाव, संयम और नशामुक्त समाज का संदेश

Aditi News Team

Tue, Oct 20, 2026

विजयदशमी का संदेश: शक्ति का उपयोग राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए हो, दुरुपयोग के लिए नहीं- मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल

मंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दिया शांति, सद्भाव, संयम और नशामुक्त समाज का संदेश

विजयादशमी पर्व पर पुलिस लाइन नरसिंहपुर में आयोजित हुआ शस्त्र पूजन कार्यक्रम

मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सनातन परंपरा में शास्त्र और शस्त्र दोनों का विशेष महत्व है। सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सशक्त समाज के निर्माण के लिए शास्त्रों के ज्ञान के साथ शस्त्रों के महत्व और उनके जिम्मेदार उपयोग की समझ भी आवश्यक है। हमें स्वस्थ, समर्थ और शक्तिशाली बनकर समाज एवं राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मंगलवार को पुलिस लाइन नरसिंहपुर में विजयादशमी पर्व के अवसर पर आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश ककोड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेंद्र ठाकुर, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष नरसिंहपुर श्री नीरज दुबे, श्री रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, श्री सुनील कोठारी, श्री राहुल कौरव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, अन्य गणमान्य नागरिक, अधिकारी- कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद था। आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों ने विधि - विधान के साथ शस्त्र पूजन कर आरती की। मंत्री श्री पटेल ने आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारे सैनिक, पुलिस एवं अर्धसैनिक बल संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनका पहला संकल्प राष्ट्र की रक्षा करना और दूसरा समाज में सद्भाव एवं शांति बनाए रखना है। सुरक्षा बलों का अनुशासन और समर्पण समाज को सुरक्षित रखने तथा उसे सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि शस्त्रों का उपयोग राष्ट्र की रक्षा, समाज की सुरक्षा और आवश्यकता पड़ने पर आत्मरक्षा के लिए जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। विजयदशमी का पर्व हमें शक्ति, साहस, धैर्य और संयम का महत्व समझाता है। नौ दिनों तक हम साधना और तप के माध्यम से स्वयं को संयमित करने का प्रयास करते हैं तथा विजयदशमी पर शस्त्र पूजन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संकल्प लेते हैं।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हम कितने भी शक्तिशाली क्यों न हो जाएं, हमारी शक्ति का दुरुपयोग कभी नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से कमजोर और असहाय व्यक्तियों के विरुद्ध शक्ति का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। अपनी ताकत को अहंकार से दूर रखकर राष्ट्र और समाज के हित में उपयोग करना ही विजयदशमी का वास्तविक संदेश है।

उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान करते हुए कहा कि हमें संकल्प लेना होगा कि अगली विजयदशमी तक नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे। पूज्य गुरुदेव श्री श्री बाबा श्री जी के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संकल्प में कोई विकल्प नहीं होता। जब हम किसी महान उद्देश्य के लिए संकल्प लेते हैं, तो उसके प्रति अडिग रहना आवश्यक है।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नशे के विरुद्ध लिए गए संकल्प को कमजोर न पड़ने दें। दृढ़ इच्छाशक्ति, सामूहिक सहभागिता और निरंतर प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। आइए, इस विजयदशमी पर शांति, सद्भाव, संयम और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें।

विजयादशमी पर्व हमें असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है- कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। नौ दिनों तक मां दुर्गा की उपासना के पश्चात आने वाला यह पर्व हमें सदाचार, संयम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। शासन-प्रशासन का भी यही उद्देश्य है कि समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण बना रहे।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने रामचरितमानस की चौपाई “बिनय न मानत जलधि जड़, गए तीनि दिन बीति। बोले राम सकोप तब, भय बिनु होइ न प्रीति॥” का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियों के अनुरूप विवेकपूर्ण व्यवहार करना आवश्यक है। हमें अपने संस्कारों और मर्यादाओं के अनुरूप आचरण करना चाहिए तथा समाज में अनुशासन और सद्भाव बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें अपनी बुराइयों को त्यागकर धर्म, सत्य और अच्छाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का अवसर देता है। सभी को आपसी सहयोग, प्रेम और भाईचारे के साथ जीवन व्यतीत करना चाहिए।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने विशेष रूप से नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार और समाज को नशे से बचाने के लिए जागरूक बने। सामूहिक प्रयासों और दृढ़ संकल्प से ही स्वस्थ, संस्कारित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

विजयादशमी पर शस्त्र पूजन साहस, शक्ति और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक- पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने कहा कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार विजयादशमी के पावन पर्व पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस परंपरा का उद्देश्य सशक्त समाज, अनुशासित पुलिस बल और साहस एवं शक्ति से परिपूर्ण संगठन के महत्व को रेखांकित करना है।

उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन प्रतीकात्मक रूप से बुराई पर अच्छाई की विजय, साहस, आत्मबल और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। सनातन परंपरा के अनुरूप मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा विजयादशमी पर शस्त्र पूजन किया जाता है, जो समाज की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस के संकल्प को दर्शाता है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. मीणा ने कहा कि पुलिस बल सदैव समाज में व्याप्त बुराइयों और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध दृढ़ता से खड़ा रहता है। शस्त्र पूजन हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा साहस, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देता है। विजयादशमी का यह पर्व समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने के संकल्प को और मजबूत करता है।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना

केबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल

जरूरी खबरें