: मां के हत्यारे को आजीवन कारावास की सजा
Mon, Jun 23, 2025
मां के हत्यारे को आजीवन कारावास की सजा
नरसिंहपुर । न्यायालय प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नरसिंहपुर के न्यायालय के द्वितीय अतिरिक्त न्यायाधीश नरसिंहपुर आलोक मिश्रा के न्यायालय द्वारा मां के हत्यारे विजय राजपूत उम्र 32 वर्ष निवासी गयादत्त वार्ड, गल्ला मंडी रोड थाना स्टेशनगंज जिला नरसिंहपुर को धारा-103(1) भा.न्या.सं के अंतर्गत आजीवन कारावास तथा 1,000/- (एक हजार) रूपये के अर्थदंड से दंडित किया गया। इस मामले में अभियुक्त विजय शराब पीने का आदी है, जबकि उसकी मां गुलाब बाई उसे शराब पीने से मना करती थी, जिसे लेकर वह गुलाब बाई से झगडत़ा था। घटना दिनांक 13.08.2024 को सुबह लगभग 3:30 बजे द्रोपदी बाई की नींद शोर सुनकर खुली, उसने सुना कि अभियुक्त चिल्ला रहा है कि उसने अपनी मां के उपर सिल पटक कर मार दिया है। उसने अपने पुत्र अभिषेक को उठाया और उक्त बात बताई। दौलत सिहं भी जाग गया तथा पड़ौसी संजय लोधी को भी फोन करके बुलाया गया। जब वे चारों अभियुक्त के मकान के सामने पहुंचे और गुलाब बाई को आवाज लगाई तो अभियुक्त जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि उसने अपनी मां के सिर पर सिल पटक कर मार डाला है। अभिषेक ने पुलिस डायल-100 पर फोन किया तो अभियुक्त भाग गया। पुलिस घटना स्थल पर आई, घर के अंदर जाकर देखा तो गुलाब बाई जमीन में बिस्तर पर मृत पडी़ थी, उसके सिर व मुहं से खून निकल रहा था और उसके सिर के पास सिल का पत्थर (मसाला पीसने का बड़ा़ पत्थर) पडा़ हुआ था। अभिषेक की रिपोर्ट पर से थाना स्टेशनगंज नरसिहंपुर में मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में लिया गया। न्यायालय में शासन की ओर से मामले की पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी इंद्रमणि गुप्ता द्वारा की गई। अभियोजन के द्वारा साक्षियों का परीक्षण कराया गया तत्पश्चात मौखिक तर्क प्रस्तुत किये गये जिनसे सहमत होते हुए न्यायालय द्वारा आरोपी विजय राजपूत को धारा-103(1) भा.न्या.सं के अंतर्गत आजीवन कारावास तथा 1,000/- (एक हजार) रूपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
: गो अभयारण्य में मासिक सत्संग 25 जून अमावस्या को
Mon, Jun 23, 2025
गो अभयारण्य में मासिक सत्संग 25 जून अमावस्या को
सुसनेर/23 जून, मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्थापित एवं विश्व के लोक प्रसिद्ध गो सेवा संस्थान श्रीगोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के संस्थापक एवं संरक्षक परम श्रद्धेय गोऋषि पूज्य स्वामी दत्ताशरणानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में संचालित विश्व के प्रथम गो अभयारण्य सालरिया में हर माह होने वाले मासिक सत्संग के तहत आगामी 25 जून 2025,बुधवार अमावस्या के पुण्य पर्व पर प्रातः 10 बजे से ग्वाल सन्त पूज्य स्वामी गोपालानंद जी सरस्वती जी महाराज के मुखारविंद से गो महिमा कथा एवं उसके बाद मैनपुर निवासी सरस्वती शिशु मंदिर ननोरा के प्रधानाचार्य रोडू सिंह जी के परिवार की और से गोव्रती महा प्रसादी रहेगी, जिसमें आप अपने ईष्ट मित्रों एवं परिवार के साथ सादर आमंत्रित है ।मासिक सत्संग से पूर्व गो अभयारण्य संचालन मंडल की बैठक का आयोजन भी होगा , संचालन समिति की बैठक में मध्यप्रदेश के गो सेवक मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन जी यादव एवं मध्यप्रदेश के गोपालन मंत्री लखन जी पटेल द्वारा माननीय मुख्यमंत्री आवास पर हुए प्रदेश के गो पालक सम्मेलन में विश्व के प्रथम गो अभयारण्य को आचार्य श्री विद्यासागर जीव दया(गोसेवा) के प्रथम पुरस्कार से सम्मानित करने पर माननीय मुख्यमंत्री जी एवं मध्यप्रदेश शासन का आभार प्रस्ताव सहित गो अभयारण्य के बहु आयामी विकास के लिए प्रस्ताव लेकर उनका क्रियान्वय करने के निर्णय लिए जाएंगे ।
: नेशनल गोलबॉल ट्रेनिंग कैंप 2025 का भव्य शुभारंभ नवचेतन अंधजन मंडल, गुजरात में
Mon, Jun 23, 2025
नेशनल गोलबॉल ट्रेनिंग कैंप 2025 का भव्य शुभारंभ नवचेतन अंधजन मंडल, गुजरात में
गोलबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित नेशनल गोलबॉल ट्रेनिंग कैंप 2025 का भव्य शुभारंभ दिनांक 22 जून 2025 को नवचेतन अंधजन मंडल परिसर, भुज, गुजरात में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर 21 जून से 28 जून 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह की शुरुआत नवचेतन अंधजन मंडल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस शुभ अवसर पर गोलबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री स्वराज सिंह जी, श्री कमलकांत जी (टीम लीडर, GFI), नवचेतन अंधजन मंडल के सचिव श्री हिमांशु सोंपुरा जी, GFI की टेक्निकल टीम, तथा IBSA के सदस्य श्री कैजिटिन फोनेरायो सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस प्रशिक्षण शिविर में कुल 32 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 18 बालक एवं 14 बालिकाएं शामिल हैं। खिलाड़ियों को आगामी अंतर्राष्ट्रीय गोलबॉल चैंपियनशिप तथा पैरा एशियन गेम्स 2025 की चयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। श्री कमलकांत जी ने बताया कि चयनित 6 पुरुष और 6 महिला खिलाड़ी मिस्र (Egypt) में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रशिक्षण कैंप में देश के लगभग 10 राज्यों – महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु एवं बिहार – के खिलाड़ियों ने सक्रिय भागीदारी की। गोलबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के कुल 9 अधिकारी एवं IBSA के 3 सदस्य इस आयोजन में उपस्थित रहे, जिनकी देखरेख में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। श्री हिमांशु सोंपुरा जी ने सभी खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि नवचेतन संस्था द्वारा उन्हें आवास, भोजन, परिवहन एवं सभी आवश्यक सुविधाएं इस कैंप के दौरान दी जा रही हैं, जिससे खिलाड़ी पूरी एकाग्रता एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। मध्य प्रदेश गोलवाल टीम से दो पुरुष दो महिला एवं एक कोच नेशनल के में पार्टिसिपेट कर रहे हैं यह जानकारी गोलवाल फेडरेशन आफ मध्य प्रदेश के जॉइंट सेक्रेटरी कमलेश रजक ने दीयह शिविर भारत की गोलबॉल टीम को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पहल है।