35.1 C
Bhopal
April 29, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

गाडरवारा, सारा इंस्टीट्यूट (आईसेक्ट), नगर पालिका से हुआ विश्व रंग यात्रा का शुभारंभ साहित्यकारों एवं शिक्षकों का हुआ सम्मान

सारा इंस्टीट्यूट (आईसेक्ट), नगर पालिका से हुआ विश्व रंग यात्रा का शुभारंभ साहित्यकारों एवं शिक्षकों का हुआ सम्मान

छात्राओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

गाडरवारा। पुस्तक हमारे ज्ञान अर्जन का साधन है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में अध्ययन अवश्य करना चाहिए जिससे उसका सर्वांगीण विकास हो सके। हम सौभाग्यशाली हैं जो महान दार्शनिक ओशो एवं ख्यातिलब्ध अभिनेता साहित्यकार, विचारक आशुतोष राणा की धरा से इस विश्व रंग पुस्तक यात्रा का शुभारंभ नरसिंहपुर जिले में हो रहा है। उक्ताशय के विचार नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकान्त मिश्रा ने #रविन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित विश्वरंग पुस्तक यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते समय व्यक्त किए। उनके साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमति जय श्री चौहान समेत बड़ी संख्या में नगर पालिका कर्मचारी एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। उक्त यात्रा देश के पांच राज्यों, 11 शहरों, 100 जिलों, 200 विकासखण्डों एवं 500 ग्राम पंचायत से गुजरते हुए 15000 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

नगर में भ्रमण करते हुए यात्रा स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंची, जहां यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में साहित्यकार कुशलेन्द्र श्रीवास्तव, सुशील शर्मा, डॉ.सुनील शर्मा, विद्यालय प्राचार्य अनूप शर्मा, शिक्षिका ज्योत्सना दुबे, श्रीमति मंजुला शुक्ला एवं श्रीमति रश्मि पाराशर का सम्मान किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए साहित्यकार कुशलेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि पुस्तकें जीवन का जरूरी हिस्सा हैं। इनसे न सिर्फ ज्ञान का अपितु बुद्धि का भी विकास होता है। सुशील शर्मा ने अपने संबोधन में पुस्तकों का महत्व बताते हुए एक कविता का पाठ किया। महाविद्यालय प्रोफेसर डॉ. सुनील शर्मा ने कहा कि वर्तमान युग ज्ञान और पढ़ाई का है, जिसके माध्यम से कैरियर का निर्माण किया जा सकता है। प्राचार्य अनूप शर्मा ने कहा कि यह पुस्तक यात्रा विद्यार्थियों में पुस्तकों के लिए एक जागरूकता लाएगी। आईसेक्ट स्टेट हेड निशांत श्रीवास्तव ने यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सारा इंस्टीट्यूट डायरेक्टर तथा आईसेक्ट जिला प्रबंधक कमल साहू ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगितओं की विजेता छात्राओं को पुरूस्कार का वितरण किया गया। जिसमें पेंटिंग, फेस स्कैच, निबंध, कहानी इत्यादि प्रतियोगिताएं सम्मिलित रहीं। साथ ही सारा संस्थान के स्टॉफ को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लगाई गई पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन भी छात्राओं द्वारा किया गया।

Aditi News

Related posts