24.1 C
Bhopal
April 27, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार, हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर कलेक्टर भी रैली में हुए शामिल

जिले के स्कूली विद्यार्थियों ने जगह- जगह निकाली हर घर तिरंगा अभियान की जागरूकता रैली

स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

नरसिंहपुर। आजादी के अमृत महोत्सव की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्य शासन के निर्देशानुसार 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाना है। कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने हर घर तिरंगा अभियान को जन- जन का अभियान बनाने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाने और जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिये हैं। राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न गतिविधियां, कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने हर घर तिरंगा अभियान का प्रचार- करने के लिए जगह- जगह जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान स्कूलों में तिरंगा निर्माण के साथ- साथ निबंध, रंगोली एवं मेंहदी प्रतियोगितायें आयोजित की गई।

तेंदूखेड़ा में बनाई गई मानव श्रृंखला

नगर परिषद तेंदूखेड़ा के नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में आजादी का अमृत महोत्सव की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान का संदेश देने के लिए नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाई।

घरों व वाहनों में लगाये पम्पलेट

नगर परिषद तेंदूखेड़ा में हर घर तिरंगा अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वाहनों में और घर- घर जाकर पम्पलेट लगाये गये। लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के दौरान अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित भी किया गया।

भारतीय ध्वज संहिता 2002 के संबंध में संशोधन, दिन व रात में फहराया जा सकता है राष्ट्रीय ध्वज

नरसिंहपुर। भारत सरकार के गृह मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज संहिता 2002 में संशोधन जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग, प्रदर्शन, फहराना राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 और भारतीय ध्वज संहिता, 2002 द्वारा नियंत्रित होता है, जो गृह मंत्रालय की वेबसाइट www.mha.gov.in पर उपलब्ध है। सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से भारतीय ध्वज संहिता- 2002 के clause (xi) of paragraph 2.2 of Part-II में संशोधन किया गया है और इस संशोधन को निम्नानुसार पढ़ा जाए- “(xi) जहां झंडा खुले में प्रदर्शित किया जाता है या किसी सदस्य के घर पर प्रदर्शित किया जाता है, तो इसे दिन और रात को फहराया जा सकता है।

महिला ड्रेस डिजाइनिंग का प्रशिक्षण सम्पन्न

नरसिंहपुर। महिला ड्रेस डिजाइनिंग का प्रशिक्षण सेंट आरसेटी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान नरसिंहपुर में सम्पन्न हुआ। 30 दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षुओं को सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रमाण पत्र प्रदान किये।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में लगातार आयोजित होते रहना चाहिये। इनसे बेरोजगार युवतियों को रोजगार के अवसर मिलते हैं। सिलाई का प्रशिक्षण ऐसा प्रशिक्षण है, जिसमें घर बैठे सिलाई करके प्रतिदिन 200 से 300 रूपये तक की आमदनी हो सकती है। उन्होंने शादियों के लिए लहंगा, सूट आदि की आवश्यकता को देखते हुए इन्हें तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे अपने गांव में जाकर सिलाई का कार्य कर इसे अपनी आजीविका का साधन बनायें और दूसरों को भी प्रेरित करें। प्रशिक्षण प्राप्त करके आप आरसेटी के एम्बेसडर के रूप में कार्य करें। उन्होंने सेंट आरसेटी के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे महिला उद्यमी को भविष्य के लिए मार्गदर्शन दे।

एलडीएम श्री जयदेव विश्वास ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में सेंट आरसेटी ने 6 बैच में 182 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। आरसेटी का मुख्य उद्देश्य स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रशिक्षण देना है।

डीपीएम आजीविका मिशन श्री राजकुमार मालवीय ने कहा कि नया व्यवसाय शुरू करने के लिए स्वसहायता समूह के माध्यम से ऋण लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि समूहों द्वारा स्कूल यूनिफार्म तैयार करने का कार्य भी कराया जायेगा।

सेंट आरसेटी में फास्ट फूड उद्यमी के लिए चल रहे 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन भी सीईओ जिला पंचायत ने किया। प्रशिक्षुओं ने इडली, बर्गर, सेंडबिच, मंचुरियन आदि बनाये थे।

वाहन चलाने के नि:शुल्क प्रशिक्षण के लिए महिलाओं के चयन हेतु साक्षात्कार 5 अगस्त को

नरसिंहपुर। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन के परिवहन विभाग द्वारा 18 से 35 वर्ष तक की महिलाओं को हल्के वाहन चलाने का नि:शुल्क प्रशिक्षण शासकीय आईटीआई के साथ जिले में दिया जाना है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए जिला परिवहन अधिकारी के कार्यालय में 81 आवेदन प्राप्त हुये हैं। प्राप्त आवेदनों में से 30 प्रशिक्षुओं का चयन किया जायेगा। इसके लिए साक्षात्कार शुक्रवार 5 अगस्त को दोपहर दो बजे से जिला परिवहन अधिकारी के देवरीकला- नरसिंहपुर स्थित कार्यालय में आयोजित किया जायेगा। जिला परिवहन अधिकारी ने मूल दस्तावेजों के साथ उक्त साक्षात्कार में उपस्थित होने के लिए आवेदक महिलाओं से अपेक्षा की है।

हाथों में तिरंगा झंडा लेकर निकली रैली में दिया “हर घर तिरंगा अभियान” का संदेश
रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों व आम नागरिकों ने बढ़- चढ़कर लिया हिस्सा
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर कलेक्टर भी रैली में हुए शामिल
नरसिंहपुर। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक “हर घर तिरंगा अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का व्यापक प्रचार- प्रसार कर इसमें सभी नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय पर पैदल रैली बुधवार को निकाली गई। हाथों में तिरंगा झंडा लेकर निकली रैली में हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन- जन तक पहुंचाया गया। कलेक्टर श्री रोहित सिंह भी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए। रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी- कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया। सर्वधर्म समभाव की भावना का दिया संदेश।
रैली जिला मुख्यालय पर स्टेडियम ग्राउंड से प्रारंभ होकर कलेक्टर बंगला, गांधी चौक, उत्कृष्ट स्कूल, जिला चिकित्सालय, एमएलबी स्कूल, नगर पालिका चौराहा, सुभाष चौराहा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, जनपद कार्यालय, कोतवाली के सामने से होते हुए वापस स्टेडियम ग्राउंड पहुंची।
रैली में सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एसडीएम श्री राजेश शाह, धर्मगुरू, जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी, नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
हर घर में तिरंगा पहुंचे
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने नागरिकों को आजादी के अमृत महोत्सव की शुभकामनायें दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वालों और अपनी कुर्बानी देने वाले शहीदों के सम्मान में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। हमारी मंशा है कि जिले का प्रत्येक नागरिक इसमें सहभागी बनें और हर घर में तिरंगा पहुंचे। आगामी 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना बढ़ाने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने नागरिकों और विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का ससम्मान उपयोग करें। रैली में ट्रेफिक नियमों का पालन करें और स्वच्छता बनाये रखें।
गाजे- बाजे के साथ निकली रैली
हर घर तिरंगा अभियान की जागरूकता रैली गाजे- बाजे के साथ नरसिंहपुर शहर को विभिन्न मार्गों से निकली। सड़कें पूरी तरह तिरंगामयी दिखाई दे रही थी। रैली में अपूर्व उत्साह का वातावरण रहा। रैली से पूरा माहौल देशभक्तिपूर्ण हो गया। रैली में लोग उत्साह से नृत्य करते हुए और देशभक्तिपूर्ण नारे लगाते हुए हाथ में तिरंगा लेकर चल रहे थे। हाथों में तिरंगा लेकर लोग गौरव का अनुभव कर रहे थे।

Aditi News

Related posts