30.1 C
Bhopal
May 1, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

Bhopal,कम लागत में सर्व सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता,तुलसी टॉवर-2 के ओपन हाउस चर्चा में मंत्री भूपेन्द्र सिंह

भोपाल। कम लागत में सर्व सुविधायुक्त आवास उपलब्ध करवाना हमारी प्राथमिकता है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने यह बात प्रस्तावित तुलसी टॉवर-2 के संबंध में सुझाव हेतु आयोजित ओपन हाउस चर्चा में कही। श्री सिंह ने कहा कि किसी भी प्रोजेक्ट के निर्माण में हरियाली का पूरा ध्यान रखा जायेगा। प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा बनाया गया है।सराहनीय प्रयास

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने कहा कि किसी प्रोजेक्ट के बारे में सभी लोगों से चर्चा करने का यह अभिनव प्रयास सराहनीय है। चर्चा में जो भी महत्वपूर्ण सुझाव आयेंगे, उसके आधार पर जरूरी सुधार किये जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। यहाँ पर्यावरण सुरक्षा सहित अन्य जरूरी पैरामीटर्स पर बेहतर कार्य करने की जरूरत है। लगातार प्रयास है कि भोपाल का विकास व्यवस्थित तरीके से हो।भोपाल बनेगा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भोपाल स्थित लेक को राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की प्लानिंग है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की रैंकिंग में भोपाल को देश में प्रथम स्थान मिला है। स्मार्ट सिटी में अनेक प्रोजेक्ट आ रहे हैं। श्री सिंह ने बताया कि कंपाउण्डिग 10 से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दी गयी है। शहर में 2016 की स्थिति में बनी अवैध कॉलोनियों को वैध करने के साथ ही यह सुनिश्चित किया जायेगा कि अब कोई नई अवैध कॉलोनी नहीं बने।

कुल 120 प्रकोष्ठ भवनों का होगा निर्माण

आयुक्त म.प्र. गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल श्री भरत यादव ने बताया कि 1.91 एकड़ में निर्माण कार्य करवाया जायेगा। योजना में कुल 120 प्रकोष्ठ भवनों का निर्माण होगा। 3- बी.एच.के. वाले कुल 46 फ्लेट्स होंगे एवं बिल्ट-अप एरिया लगभग 1800 वर्गफुट का होगा। 4- बी.एच.के. वाले कुल 68 फ्लेट्स होंगे एवं बिल्ट-अप एरिया लगभग 2150 वर्गफुट का होगा। इसके अतिरिक्त 20वें एवं 21वें तल पर 6 पेंट हाउस का निर्माण किया जायेगा, जिनका बिल्ट-अप एरिया लगभग 3800-4400 वर्गफुट का होगा। आवासीय फ्लेट्स हेतु बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर एवं पोडियम लेवल सहित कुल तीन फ्लोर्स पर 329 चार पहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा प्रदान की जायेगी।

प्रत्येक फ्लेट को दो पार्किंग तथा हाउस के लिये तीन पार्किंग दिया जाना प्रस्तावित है। स्टील्ट फ्लोर पर संपूर्ण तल मनोरंजनात्मक गतिविधियों हेतु क्लब हाउस का निर्माण किया जायेगा, जिसमें इंडोर गेम्स हेतु कमरों का निर्माण किया जायेगा तथा इसके अतिरिक्त स्वीमिंग पूल, बच्चों के लिये पृथक स्वीमिंग पूल, बास्केट बॉल कोर्ट एवं लॉन का प्रावधान भी किया जायेगा। योजना के रूपांकन का कार्य विश्व विख्यात वास्तुविद मेसर्स हफीज़ कांट्रेक्टर द्वारा किया जायेगा।

Aditi News

Related posts