नरसिंहपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई : 27 ट्रॉली रेत जब्त, कई वाहन पुलिस अभिरक्षा में
Aditi News Team
Fri, Jun 19, 2026
नरसिंहपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई
27 ट्रॉली रेत जब्त, कई वाहन पुलिस अभिरक्षा में

नरसिंहपुर। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान तहसील नरसिंहपुर के ग्राम बहोरी में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 27 ट्रॉली (लगभग 81 घनमीटर) अवैध रेत जब्त की गई। जब्त रेत को शासकीय भूमि पर सुरक्षित रखकर ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंपा गया।
इसी क्रम में राजमार्ग चौराहा, तहसील करेली में निर्धारित मात्रा से अधिक खनिज गिट्टी का परिवहन करते पाए जाने पर एक हाइड्रा (क्रमांक एम.पी. 15 जेड.ई. 8332) वाहन को पुलिस थाना सुआतला की अभिरक्षा में रखा गया। वहीं तहसील गाडरवारा के ग्राम कौड़िया में अवैध रेत परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर पुलिस थाना गाडरवारा की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर महोदया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह