कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर दी बधाई : नि:शुल्क जेईई कोचिंग से शासकीय विद्यालयों के 83 बच्चों ने पाई सफलता
Aditi News Team
Wed, Apr 22, 2026नि:शुल्क जेईई कोचिंग से शासकीय विद्यालयों के 83 बच्चों ने पाई सफलता
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर दी बधाई
नि:शुल्क जेईई कोचिंग से शासकीय विद्यालय के बच्चे हुए लाभांवित
नरसिंहपुर। प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने विशेष प्रयास किया था कि शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बारहवीं के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर न जाना पड़े। इस उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर में जे.ई.ई की नि:शुल्क कोचिंग प्रारंभ किया गया।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के नेतृत्व एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा के मार्गदर्शन में 12 मार्च से प्रारंभ हुई इस नि:शुल्क कोचिंग में जिले के समस्त हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों के द्वारा ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म भरवाने और विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के द्वारा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया गया। जिला मुख्यालय आने वाले विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क भोजन एवं आवास उपलब्ध कराए गए। नि:शुल्क कोचिंग के माध्यम से मात्र 18 से 20 दिनों की अल्प अवधि में नि:शुल्क शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराकर 93 छात्र-छात्राओं को उचित मार्गदर्शन दिया गया। नि:शुल्क कोचिंग के माध्यम से 83 विद्यार्थियों के जे.ई.ई. मेन्स 2026 के परिणाम आए, जिन्होंने सफलता अर्जित कर जिले को गौरवान्वित किया।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सफल विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके प्राप्तांक, पसंदीदा कॉलेज एवं विषय के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और मोटिवेशन बुक देकर उनको सम्मानित किया। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि शासकीय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को एक प्लेटफार्म मिला, जिससे प्रेरित होकर विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आत्मविश्वास बढ़ा। उन्होंने कम समय में उत्कृष्ट परिणाम देने पर जिला शिक्षा अधिकारी सहित नि:शुल्क कोचिंग की पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को सही दिशा, मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे भी किसी से कम नहीं हैं। यह सफलता टीमवर्क, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, डाइट प्राचार्य एवं निशुल्क कोचिंग नोडल अधिकारी श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सिद्धांत बागड़े, श्री ब्रजेश शर्मा, प्राचार्य प्रीति नेमा, श्रीमती सीमा दीक्षित, श्रीमती शुभावना पांडे, श्रीमती माया पटेल, निशा मिश्रा सहित नि:शुल्क जेईई कोचिंग के समस्त शिक्षक और विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद थे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह