Friday 20th of November 2026

ब्रेकिंग

112पुलिस वाहन ने त्वरीत पहूचाया अस्पताल,कटनी रेफर बरतला में रात्री 9 बजे को हुई घटना, परिवार में मचा हड़कंप

कुण्डलपुर में24 नवंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित

वल्लभ सम्प्रदाय के भगवान श्रीगौर्वधन नाथजी की हवेली मंदिर में गौवर्धन पूजा एंव अन्नकूट महाप्रसादी का आयोजन संपन्न

स्थानीय कार्यक्रम में होंगे शामिल

गाडरवारा में अतिथि देवो भव की परंपरा निभाते हुए खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों का किया सम्मान

सत्ता,अधिकार की भावना विवेक को समाप्त कर देती है, मुनि : कुण्डलपुर में24 नवंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित

Aditi News Team

Fri, Nov 20, 2026

"सत्ता और अधिकार की भावना विवेक को समाप्त कर देती है" — निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर

कुण्डलपुर में24 नवंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित

कुण्डलपुर(म.प्र.)। निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर महाराज ने प्रवचन में जीवन की वास्तविकता, सम्यक ज्ञान की दुर्लभता, मोह और क्रोध के दुष्परिणाम तथा वैराग्य के महत्व को समझाते हुए कहा कि संसार में कोई भी उपलब्धि सहज प्राप्त नहीं होती। धन, संपत्ति, स्वर्ण, राजसुख और बड़े-बड़े पद पुण्य के योग से प्राप्त होते हैं, लेकिन इन सबसे अधिक दुर्लभ है यथार्थ ज्ञान अर्थात सम्यक ज्ञान। प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्र प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि जगत और जीवन को सभी जानते हैं, लेकिन उनकी वास्तविकता को पहचानना अत्यंत कठिन है। इसका प्रमुख कारण मोह है। मोह की तीव्रता में जीव घटनाओं से प्रेरणा नहीं ले पाता, जबकि तत्त्वज्ञान जागृत होने पर वही घटनाएं वैराग्य का कारण बन जाती हैं। मुनि श्री ने कहा कि घटना अपने आप में वैराग्य का कारण नहीं होती, बल्कि उसमें छिपे रहस्य को समझने की दृष्टि वैराग्य उत्पन्न करती है। उन्होंने राजा के श्वेत बाल देखने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि एक राजा ने अपने सिर में सफेद बाल देखकर जीवन की ढलती अवस्था का चिंतन किया। सूर्योदय से दोपहर और फिर अस्ताचल की ओर बढ़ते सूर्य की तरह जीवन भी धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। इस विचार ने उनके भीतर वैराग्य जगा दिया और उन्होंने राजपाट छोड़कर दीक्षा धारण कर ली। जबकि संसार में अनेक लोग अपने बालों और शरीर में परिवर्तन देखते हैं, लेकिन उनके भीतर वैराग्य नहीं जागता। इसका कारण घटनाओं को देखने की दृष्टि में अंतर है। मुनि श्री ने भरत और बाहुबली के प्रसंग के माध्यम से बताया कि मोह, सत्ता और अधिकार की भावना किस प्रकार विवेक को समाप्त कर देती है। भरत चक्रवर्ती छह खंड के अधिपति बन गए थे, लेकिन बाहुबली के पौदनपुर को भी अपने साम्राज्य में सम्मिलित करना चाहते थे। बाहुबली का कहना था कि बड़े भाई भरत का सम्मान उन्हें स्वीकार है, लेकिन पिता द्वारा सौंपे गए राज्य की रक्षा करना उनका कर्तव्य है। उन्हें भरत के छह खंड के साम्राज्य से कोई विरोध नहीं था, परंतु अपने अधिकार और स्वाभिमान से समझौता स्वीकार नहीं था। दोनों भाइयों के बीच युद्ध की स्थिति बनने पर मंत्रियों ने सेना के विनाश को रोकने के लिए जल युद्ध, दृष्टि युद्ध और मल्लयुद्ध के माध्यम से निर्णय कराने का प्रस्ताव रखा। तीनों युद्धों में बाहुबली विजयी हुए। इसके बाद भरत ने क्रोध और अहंकार में आकर अपने चक्ररत्न का स्मरण किया और बाहुबली को समाप्त करने का आदेश दे दिया। चक्ररत्न बाहुबली के सामने पहुंचा, लेकिन परिवार के सदस्य पर प्रहार न करने के नियम के कारण तीन परिक्रमा लगाकर वापस लौट गया। इस घटना ने बाहुबली के अंतर्मन को झकझोर दिया। उन्हें लगा कि न्याय और नीति की सीमा तक संघर्ष समझ में आता है, लेकिन सत्ता के मोह में अपने ही भाई द्वारा मर्यादा का उल्लंघन करना उचित नहीं है। इसी चिंतन ने उनके भीतर वैराग्य उत्पन्न कर दिया। वे न पौदनपुर लौटे, न किसी से कोई चर्चा की और सीधे दीक्षा धारण कर आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर हो गए। मुनि श्री ने कहा कि भरत और बाहुबली का संघर्ष भी बाहरी युद्ध से आगे बढ़कर आंतरिक चेतना के जागरण का कारण बना। आज अनेक लोग वर्षों तक मुकदमेबाजी और आपसी विवादों में अपना धन, समय और जीवन बर्बाद कर देते हैं। उन्हें अपनी चेतना को जगाकर तत्त्वज्ञान प्राप्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वास्तविक संघर्ष दूसरों से नहीं, बल्कि अपने भीतर बैठे मोह, क्रोध, मान और अहंकार से होना चाहिए। मनुष्य को यह समझना होगा कि मैं शरीर नहीं, आत्मतत्त्व हूं। आत्मा अविनाशी है, उसका न जन्म होता है और न मरण। इस सत्य का श्रद्धान करके सम्यक दर्शन के भावों को विकसित करना तथा मुक्ति मार्ग पर आगे बढ़ना ही मनुष्य जीवन की वास्तविक सार्थकता है।

*24 नवंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह*

कुण्डलपुर में निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज, मुनि श्री पवित्रसागर जी महाराज ससंघ का भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह 24 नवंबर को दोपहर 1:00 बजे से आयोजित किया गया है।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर

जरूरी खबरें