बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक : कुपोषण मुक्ति एवं पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर सख्त लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों पर कार्रवाई,
Aditi News Team
Fri, Sep 11, 2026
बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर कलेक्टर ने ली विभागीय बैठक
कुपोषण मुक्ति एवं पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर सख्त
लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों पर कार्रवाई, वेतन काटने के दिए निर्देश
नरसिंहपुर। जिले में बच्चों के पोषण स्तर में सुधार एवं कुपोषण मुक्ति के लिए संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और मैदानी अमले की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए लापरवाही करने वाले सुपरवाइजरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के समग्र डाटा की समीक्षा के दौरान पाया गया कि समस्त सुपरवाइजरों द्वारा बच्चों के डाटा का समुचित अवलोकन एवं मॉनिटरिंग नहीं की गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने संबंधित समस्त सुपरवाइजरों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।बैठक के दौरान धमना-1 एवं धमना-2 क्षेत्र की सुपरवाइजर नमिता कौरव द्वारा अनुशासनहीनता किए जाने को भी कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित सुपरवाइजर का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। मैदानी अमले की जिम्मेदारी है कि वे अपने कार्यक्षेत्र के प्रत्येक बच्चे की स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करें और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में गंभीर कुपोषित बच्चों सीवियर एक्यूट मालन्यूट्रिशन,मध्यम कुपोषित बच्चों तथा गंभीर रूप से कमजोर बच्चों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे बच्चों का नियमित चिन्हांकन किया जाए और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने हॉट कुक्ड मील (योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, फेसिलिटी रजिस्ट्रेशन सिस्टम के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग तथा समुदाय आधारित आयोजन (एवं स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के प्रभावी आयोजन पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में कार्य के प्रति लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध और कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राधेश्याम वर्मा, सहायक संचालक सुश्री प्रांजलि मार्सकोले, परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह