Saturday 15th of August 2026

ब्रेकिंग

पंचायतों के संसाधनों के बेहतर उपयोग और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान

स्वतंत्रता मर्यादा में रहे, स्वच्छंदता न बने — मुनि श्री समतासागर जी महाराज

मजाक के दौरान छींटाकसी करने पर से हुये विवाद के चलते किया था चाकू से युवती पर हमला

कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल मडे़सुर में ध्वजारोहण किया एवं राष्ट्रध्वज को सलामी दी

जनभागीदारी से तय हों गांव के विकास के फैसले,मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल : पंचायतों के संसाधनों के बेहतर उपयोग और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान

Aditi News Team

Sat, Aug 15, 2026

जनभागीदारी से तय हों गांव के विकास के फैसले : मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल

ग्राम रामपिपरिया में ग्रामसभा में मंत्री ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

ग्राम स्वराज, नशामुक्ति, जल संरक्षण और युवाओं की भागीदारी पर दिया जोर

पंचायतों के संसाधनों के बेहतर उपयोग और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान

नरसिंहपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने करेली विकासखंड के ग्राम रामपिपरिया में आयोजित ग्रामसभा में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि गांव का विकास केवल शासकीय योजनाओं और संसाधनों से नहीं, बल्कि ग्रामीणों की जागरूकता, सहभागिता और सामूहिक निर्णयों से होता है। ग्रामसभा को गांव के विकास के साथ सामाजिक बदलाव का भी प्रभावी मंच बनाया जाना चाहिए।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी जी की कल्पना ग्राम स्वराज की थी, जिसमें गांव के लोग मिल-बैठकर अपनी प्राथमिकताएं तय करें। आज पंचायतों को विभिन्न माध्यमों से पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं। इनका उपयोग गांव की वास्तविक जरूरतों और स्थायी विकास कार्यों के लिए प्राथमिकता तय कर किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों की कार्ययोजना पहले से तैयार करनी चाहिए। सड़क, नाली, जल संरक्षण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के साथ ऐसे स्थायी परिसंपत्ति निर्माण को प्राथमिकता दी जाए, जिनका लाभ ग्रामीणों को लंबे समय तक मिल सके। यदि पंचायत और ग्रामीण मिलकर योजनाबद्ध तरीके से काम करें तो तीन वर्ष में भी गांव को आदर्श गांव बनाया जा सकता है।

ग्राम विकास में युवाओं और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गांव के सरपंच और पंचों के साथ पढ़े-लिखे युवाओं को भी ग्रामसभा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। युवाओं को अपनी शिक्षा, ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग गांव की समस्याओं के समाधान और सकारात्मक बदलाव के लिए करना चाहिए।

उन्होंने मातृशक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाएं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों में आगे बढ़ रही हैं। वे नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी नेतृत्व कर सकती हैं। महिलाओं की विशेष ग्रामसभा आयोजित कर गांव के हित में सामूहिक संकल्प लिए जा सकते हैं।

नशामुक्त गांव बनाने का लें संकल्प

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नशा गांव और नई पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। यदि गांव की माताएं, बहनें, बेटियां और बहुएं सामूहिक रूप से संकल्प लें कि गांव में किसी भी प्रकार का नशा प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा, तो इसके खिलाफ मजबूत सामाजिक वातावरण बनाया जा सकता है।

बच्चों के भविष्य और संस्कार पर भी हो चर्चा

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हम अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मकान, दुकान, सड़क, बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं जुटाते हैं। लेकिन यदि नई पीढ़ी नशे या गलत दिशा में चली जाए तो इन सुविधाओं का कोई अर्थ नहीं रह जाता। इसलिए ग्रामसभा में विकास कार्यों के साथ बच्चों की शिक्षा, संस्कार और सुरक्षित भविष्य पर भी चर्चा होनी चाहिए।

जल संरक्षण और स्वच्छता को दें प्राथमिकता

मंत्री श्री पटेल ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। वर्षा जल को रोकने, जलस्रोतों के संरक्षण और भूजल संवर्धन के लिए ग्राम स्तर पर ठोस योजना बनाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि गांव में शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने से मातृशक्ति को बड़ी राहत मिली है। अब प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है कि वह पानी का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करे और निर्धारित शुल्क का समय पर भुगतान करे।उन्होंने जल निकासी की व्यवस्थित व्यवस्था पर भी जोर दिया। कहा कि घरों से निकलने वाले पानी और मल की निकासी के लिए उचित व्यवस्था जरूरी है। उपयोग किए गए पानी को एकत्रित कर उसका पुन: उपयोग खेती एवं अन्य कार्यों में किया जा सकता है। ग्राम पंचायत को नालियों, जल निकासी और जल पुनर्भरण की समग्र योजना तैयार करनी चाहिए।

श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाना पंचायत की जिम्मेदारी

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि पात्र श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना जरूरी है। भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल, संबल योजना तथा श्रमिक पंजीयन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि पात्र श्रमिकों का चिन्हांकन कर उनके कार्ड बनवाए जाएं और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, जनमन सड़क सहित अन्य योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

जमीन दान करने वाले परिवार की सराहना

मंत्री श्री पटेल ने एक जनजातीय परिवार द्वारा स्कूल के लिए दो एकड़ जमीन दान किए जाने को पूरे गांव के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बताया।उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए निजी भूमि दान करना सामाजिक सरोकार और त्याग का प्रेरणादायी उदाहरण है। ऐसे लोगों के योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दानदाता परिवार के परिजन यदि उनकी स्मृति में मूर्ति या स्मारक स्थापित करना चाहें, तो इसमें हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

ग्रामसभा को बनाएं सामाजिक बदलाव का मंच

मंत्री श्री पटेल ने ग्राम उमरिया चिनकी निवासी जनपद सदस्य श्री शिव प्रसाद बघोरिया जी के सुपुत्र श्री नीरव पटेल जी का यूपीएससी सीएपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 35 के साथ चयन होने पर सम्मानित कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, श्री रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

केबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल

जरूरी खबरें