झोतेश्वर में नवनिर्मित गौशाला का भव्य उद्घाटन कल, : संत समाज एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
Aditi News Team
Sat, Apr 18, 2026
झोतेश्वर में नवनिर्मित गौशाला का भव्य उद्घाटन कल,
संत समाज एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
गोटेगांव- नरसिंहपुर जिले के पावन तीर्थ स्थल परमहंसी गंगा आश्रम में कल दिनांक 19 अप्रैल, रविवार को एक विशेष धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन होने जा रहा है। ब्रह्मलीन स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज की दिव्य प्रेरणा एवं अनुकंपा से निर्मित नई गौशाला का विधिवत उद्घाटन द्वारका पीठाधीश्वर स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज के कर-कमलों से दोपहर 12:00 बजे किया जाएगा।
इस पावन अवसर पर राज्यसभा सदस्य एवं प्रख्यात विधिवेत्ता विवेक कृष्ण तन्खा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी, जिसमें पंच अग्नि पीठाधीश्वर आचार्य राम कृष्णानंद जी महाराज, महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा शामिल होंगे। साथ ही दोनों शंकराचार्य जी के निजी सचिव ब्रह्मचारी सुबुद्धानंद जी महाराज भी इस आयोजन में सहभागी बनेंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शंकराचार्य महाराज की परम शिष्या एवं गौशाला प्रभारी (पूर्व विधायक) कल्याणी पांडे ने बताया कि गुरु परंपरा की भावना के अनुरूप गोवंश की सुरक्षा, सेवा एवं संरक्षण के उद्देश्य से इस गौशाला का संचालन किया जा रहा है। गोवंश की निरंतर बढ़ती संख्या को देखते हुए इस नवीन गौशाला का निर्माण कराया गया है, जिससे अधिक संख्या में निराश्रित, घायल एवं बेसहारा गोवंश की सेवा संभव हो सके।
उन्होंने समस्त सनातन धर्मावलंबियों, गुरु परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुजनों से इस पुण्य कार्य में सहभागिता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह गौशाला केवल एक सेवा केंद्र नहीं, बल्कि करुणा, संरक्षण और धर्म की जीवंत अभिव्यक्ति है, जहां गोवंश की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
उल्लेखनीय है कि गुरु परिवार द्वारा संचालित इस गौशाला में वर्षों से घायल एवं परित्यक्त गोवंश की सेवा, उपचार और पोषण का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसमें अनेक श्रद्धालु एवं परिवार अपनी आस्था के अनुसार सहयोग देकर गोसेवा के इस पुण्य अभियान में सहभागी बनते हैं।
आयोजकों ने सभी गौ सेवकों, श्रद्धालुजनों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर के साक्षी बनें और गोवंश संरक्षण के इस महाअभियान को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
द्वारका पीठाधीश्वर स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज