नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोहनी में मनाया गया नशा मुक्ति दिवस
Aditi News Team
Sun, Aug 2, 2026
नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प,
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोहनी में मनाया गया नशा मुक्ति दिवस
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बोहनी में नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर रविवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति के महत्व पर आयोजित जागरूकता संबोधन से हुई, जिसमें विद्यार्थियों को तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लाइव शो को दिखाया गया । प्रसारण में नुक्कड़ नाटक भी दिखाया गया जिसमें दिखाया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर शिक्षा, खेल और नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाना चाहिए।
इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य डॉ अरुण कुमार तिवारी के नेतृत्व में समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने नशा न करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। सभी ने संकल्प व्यक्त किया कि वे स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाएंगे और दूसरों को भी इस सामाजिक अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि नशामुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा वर्ग जागरूक होकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएगा और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से नशा मुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
यह आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोहानी