Friday 4th of September 2026

ब्रेकिंग

नर्मदा नदी किनारे एवं निचले क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील

स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

राजस्व न्यायालयों में लंबित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

चलित न्यायालय कार्यवाही के दौरान गोसलपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर की गई चालानी कार्रवाई

"जीवन केवल समय काटने का नाम नहीं, स्वयं को जानने का निरंतर प्रयोग है"

कलेक्टर ने किया ग्राम ढीलवार एवं खकरेड़ी का निरीक्षण : स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Aditi News Team

Fri, Sep 4, 2026

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने किया ग्राम ढीलवार एवं खकरेड़ी का निरीक्षण

राशन वितरण, खाद व्यवस्था, स्वच्छता, पंचायत भवन और शैक्षणिक संस्थाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

नरसिंहपुर।मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने बुधवार को जनपद पंचायत चावरपाठा अंतर्गत आने वाले ग्राम ढीलवार एवं खकरेड़ी का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, खाद की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, निर्माणाधीन पंचायत भवन, शासकीय विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सहकारी समिति में राशन एवं खाद वितरण व्यवस्था की जांच

ग्राम ढीलवार पहुंचकर कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सहकारी समिति का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें अगस्त एवं सितम्बर माह का राशन प्राप्त हो चुका है। कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी कि समिति क्षेत्र में लगभग 95 प्रतिशत राशन का वितरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण एवं केवाईसी के माध्यम से राशन वितरण की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से यह भी पूछा कि राशन दुकान नियमित रूप से खुलती है अथवा नहीं। इस दौरान खाद वितरण व्यवस्था एवं किसानों के फार्मर आईडी निर्माण की स्थिति के संबंध में भी ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने खाद स्टॉक पंजी का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि खाद के उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन एवं ऑनलाइन दर्ज आंकड़ों का नियमित रूप से मिलान किया जाए, ताकि वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की विसंगति न रहे।

स्वच्छता व्यवस्था से ग्रामीण संतुष्ट

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने प्रसन्नतापूर्वक बताया कि गांव में स्वच्छता वाहन के माध्यम से नियमित रूप से कचरा संग्रहण किया जा रहा है। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

पंचायत भवन निर्माण में गुणवत्ता पर जाहिर की नाराजगी

निर्माण कार्य बेहतर तरीके से करने के निर्देश

ग्राम ढीलवार में निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पाया कि निर्माण कार्य अपेक्षित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भवन की छत पर वर्षा जल का जमाव न हो, इसके लिए उचित ढाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के लिए सख्त हिदायत दी।

स्कूल में कम उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था पर जताई नाराजगी

इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती सिंह ने ग्राम ढीलवार स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई। प्राथमिक विद्यालय में दर्ज 49 विद्यार्थियों के विरुद्ध केवल 20 विद्यार्थी उपस्थित थे, जबकि माध्यमिक शाला में दर्ज 86 विद्यार्थियों की तुलना में मात्र 26 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कक्षा पांचवीं तक के बच्चों को एक साथ एक ही कक्ष में पढ़ाया जा रहा था, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। स्कूल भवन में वर्षा के कारण पानी टपकने की समस्या भी सामने आई, जिसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में कलेक्टर ने डीपीसी एवं संबंधित प्राचार्य को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कक्षा आठवीं में पढ़ाए जा रहे संस्कृत विषय के संबंध में विद्यार्थियों से जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थी एवं संबंधित अतिथि शिक्षक पढ़ाए जा रहे पाठ का अर्थ स्पष्ट रूप से नहीं बता सके। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को संबंधित विषय का समुचित ज्ञान प्रदान करने के लिए विषय में दक्ष शिक्षक द्वारा प्रभावी अध्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।उन्होंने संबंधित अतिथि शिक्षक को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी केंद्र में भी कम मिली बच्चों की उपस्थिति

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ने ग्राम ढीलवार के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां दर्ज बच्चों की संख्या की तुलना में उपस्थिति काफी कम पाई गई। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

खकरेड़ी में विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने ग्राम खकरेड़ी पहुंचे और वहां शासकीय विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षण कार्य का जायजा लिया। स्कूल भवन के अवलोकन के दौरान पाया गया कि वर्षा का पानी रिसकर कक्षों में पहुंच रहा है। इस पर कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भवन की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की व्यवस्थाओं में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान बच्चों से मध्यान्ह भोजन के संबंध में भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने यह देखा कि बच्चों की संख्या के अनुरूप मध्यान्ह भोजन तैयार किया जा रहा है अथवा नहीं तथा भोजन की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुसार है या नहीं।

ग्राम खकरेड़ी में आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य की स्थिति का भी जायजा लिया गया। जिला पंचायत सीईओ ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

जरूरी खबरें