उर्वरक वितरण के लिए हाईब्रिड मोड व्यवस्था : किसानों को टोल-फ्री नंबर और डबल लॉक केंद्रों के माध्यम से मिलेगा टोकन, एसएमएस से दी जाएगी जानकारी
Aditi News Team
Sun, Aug 2, 2026
उर्वरक वितरण के लिए हाईब्रिड मोड व्यवस्था
किसानों को टोल-फ्री नंबर और डबल लॉक केंद्रों के माध्यम से मिलेगा टोकन, एसएमएस से दी जाएगी जानकारी
नरसिंहपुर।खरीफ सीजन में किसानों को उर्वरक वितरण की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से हाईब्रिड मोड से उर्वरक वितरण व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए टोकन प्रणाली अपनाई जाएगी तथा वितरण की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत किसान टोल-फ्री नंबर 07792-181 पर कॉल कर अपना नाम, मोबाइल नंबर, समग्र आईडी, खसरा नंबर, ग्राम, तहसील तथा निकटतम खाद वितरण केंद्र की जानकारी देकर उर्वरक के लिए टोकन बुक करा सकेंगे। उपलब्ध स्टॉक के अनुसार किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से टोकन जारी किया जाएगा, जिसमें वितरण केंद्र, तिथि और समय का उल्लेख रहेगा। निर्धारित समय पर किसान संबंधित केंद्र से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त जिले के डबल लॉक केंद्रों पर भी किसान प्रतिदिन (रविवार को छोड़कर) दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक ऑफलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे। जारी किए गए टोकन तीन दिनों तक वैध रहेंगे। किसान कॉल सेंटर के माध्यम से अथवा सीधे डबल लॉक केंद्र पहुंचकर भी ऑफलाइन टोकन बुक करा सकेंगे।
सभी शासकीय संस्थाएं, विपणन संघ, मार्केटिंग फेडरेशन, एम.पी. एग्रो तथा निजी उर्वरक विक्रेता निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही किसानों को उर्वरक वितरित करें। साथ ही विक्रय की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करना तथा निर्धारित अभिलेखों का संधारण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
प्रमुख केन्द्रों पर प्रतिदिन जारी होंगे 100 टोकन
जिले के नरसिंहपुर, करेली, करकबेल, गोटेगांव, सालीचौका एवं गाडरवारा स्थित विपणन संघ के डबल लॉक केन्द्रों, मार्केटिंग फेडरेशन केन्द्रों तथा एमपी एग्रो केन्द्र (नरसिंहपुर) पर यह व्यवस्था लागू की गई है। प्रत्येक केन्द्र से प्रतिदिन 100 टोकन जारी किए जाएंगे तथा किसानों को अनुशंसित मात्रा के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। किसान रविवार को छोड़कर प्रतिदिन दोपहर 12 से 2 बजे तक जिले के डबल लॉक केन्द्रों पर ऑफलाइन टोकन भी प्राप्त कर सकेंगे। जारी किया गया टोकन अगले दिन से तीन दिनों तक वैध रहेगा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को समय पर आवश्यक उर्वरक उपलब्ध हो सके और खरीफ फसल की बुआई प्रभावित न हो।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह