Tuesday 27th of October 2026

ब्रेकिंग

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 28 अक्टूबर को करेंगे लव-कुश डबल डेकर फ्लाईओवर ब्रिज के लेवल-2 का लोकार्पण

बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधित किसानों की समृद्धि और कृषि विकास पर दिया जोर

नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी सफलता — कृषि उपकरणों की चोरी करने वाले 4 शातिर चोर 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार

70 वी राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में रीवा, सागर, नर्मदापुरम एवं जबलपुर संभाग ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

जुआ खेलते 16 जुआड़ी रंगे हाथ पकड़े गये, नगद 13 हजार 70 रूपये जप्त

पिपरिया कला में युवा कौशल प्रदर्शनी का आयोजन : छात्राओं ने आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर दिखाई प्रतिभा

Aditi News Team

Mon, Jul 27, 2026

पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया कला में युवा कौशल प्रदर्शनी का आयोजन

छात्राओं ने आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर दिखाई प्रतिभा, जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, कृषि व्यापार एवं रोजगार कौशल की दी गई जानकारी

गाडरवारा। पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया कला, गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत युवा कौशल प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्राओं ने कृषि एवं सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न व्यावसायिक विषयों पर आधारित आकर्षक एवं नवाचारपूर्ण मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक क्षमता, तकनीकी दक्षता और रोजगारोन्मुखी कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, आत्मनिर्भरता तथा नवाचार की भावना विकसित करना रहा।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी का अवलोकन विद्यालय की प्राचार्य मीना अग्रवाल ने किया। उन्होंने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप व्यावसायिक शिक्षा विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक दक्षता, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में भी प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।

प्रदर्शनी में व्यावसायिक शिक्षक रजनीश कौरव (कृषि) एवं व्यावसायिक शिक्षिका रितु श्रीवास (आईटी) ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए विभिन्न मॉडलों की उपयोगिता एवं तकनीकी विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं ने आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती, डिजिटल तकनीक, सूचना प्रौद्योगिकी एवं रोजगार आधारित गतिविधियों से जुड़े मॉडल प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षक रजनीश कौरव (कृषि) ने विद्यार्थियों को कौशल विकास, कृषि शिक्षा, रोजगार कौशल, आधुनिक एवं जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद, प्राकृतिक खेती, कृषि उद्यमिता तथा कृषि व्यापार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में कृषि केवल पारंपरिक व्यवसाय नहीं बल्कि आधुनिक तकनीकों और नवाचारों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों को जैविक खेती अपनाने, पर्यावरण संरक्षण तथा गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन के लिए वर्मी कम्पोस्ट और हरी खाद के उपयोग के लाभ भी समझाए।

विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सुरेश श्रीवास ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करती है तथा उनमें सीखने की नई ऊर्जा का संचार करती है। प्राचार्य मीना अग्रवाल ने सभी प्रतिभागी छात्राओं, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं आयोजन टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, नवाचार और सीखने का प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी एवं अन्य क्षेत्रों में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। युवा कौशल प्रदर्शनी ने यह सिद्ध किया कि विद्यालय के विद्यार्थी प्रतिभा, नवाचार और कौशल के क्षेत्र में किसी से कम नहीं हैं तथा उचित मार्गदर्शन मिलने पर वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया कला

जरूरी खबरें