शिक्षकों ने स्कूल शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन : उच्च माध्यमिक शिक्षकों ने पदोन्नति एवं द्वितीय कृमोन्नति के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
Aditi News Team
Sun, Aug 2, 2026
उच्च माध्यमिक शिक्षकों ने पदोन्नति एवं द्वितीय कृमोन्नति के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
गाडरवारा। गत दिवस उच्च माध्यमिक शिक्षकों ने सेवा सदन पहुँचकर स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह को पदोन्नति एवं द्वितीय कृमोन्नति के लिए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षको ने उल्लेखित किया है कि मप्र में वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ हो सकी है। इसी क्रम में शिक्षा विभाग में नियमित शिक्षकों की भांति शैक्षणिक संवर्ग की पदोन्नति प्रक्रिया प्रचलन में है। केवल उच्च माध्यमिक शिक्षकों को इस प्रक्रिया से वंचित रखा जा रहा है। शिक्षकों ने बताया कि उच्च माध्यमिक शिक्षक वर्ष 1998 से ही व्याख्याता पद के विरुद्ध नियुक्त होकर 28 वर्षों से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव के साथ 5400/-ग्रेड पे लेकर हायर सेकंडरी प्राचार्य की भी पद की दक्षता रखते हैं।हमारे शैक्षणिक संवर्ग के साथी प्राथमिक शिक्षकों एवं माध्यमिक शिक्षकों को समय-समय पर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति का लाभ मिलता रहा है। केवल उच्च माध्यमिक शिक्षक आज तक पदोन्नति से वंचित रहे हैं। वर्ष 2023 में व्याख्याता एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों को समान नीति व वरिष्ठता के आधार पर हाई स्कूल प्राचार्य का उच्च पद प्रभार दिया गया था। इसी वर्ष 12 जुलाई को व्याख्याताओं की हाई स्कूल प्राचार्य पद पर पदोन्नति दी जा चुकी है किन्तु उच्च माध्यमिक शिक्षक आज भी पदोन्नति के इंतज़ार में हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेखित किया गया है कि वरिष्ठ विभागीय अधिकारी वर्ष 2018 राजपत्र में प्रकाशित (उच्च माध्यमिक शिक्षक की पदोन्नति हेतु विभागीय परीक्षा के माध्यम से किया जाने) का उल्लेख होने के कारण पदोन्नति नहीं कर पा रहे हैं। शिक्षा विभाग में कार्यरत समस्त कर्मचारियों में यह नियम केवल और केवल उच्च माध्यमिक शिक्षकों के लिए ही वर्णित किया गया है। पदोन्नति हेतु इस नियम में संशोधन की आवश्यकता है। इस दौरान शिक्षकों ने बताया कि प्रदेश के लगभग 4000 हाई स्कूलों में प्राचार्य के पद रिक्त हैं जहाँ विद्यालयों को छात्रहित में प्राचार्य की नितांत आवश्यकता भी है। ज्ञापन में शिक्षकों ने व्याख्याताओं की भांति उच्च माध्यमिक शिक्षकों (उच्च पद प्रभार प्राचार्य हाई स्कूल) को भी “एक विभाग-एक कार्य-एक नीति” के तहत वर्ष 2018 के राजपत्र (पदोन्नति हेतु नियम- 5 और 14 के उपनियम (2) में विभागीय परीक्षा) को विलोपित करते हुए केवल वरिष्ठता के आधार पर ही हाई स्कूल प्राचार्य पद पर पदोन्नति करने की मांग की है। इसके अलावा उच्च माध्यमिक शिक्षकों ने लम्बे समय से लंबित कृमोन्नति आदेश भी जल्द जारी कराये जाने का अनुरोध भी मंत्री श्री सिंह से किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सतीश नाईक, विनय शंकर शर्मा, राजेश गुप्ता,संजय सोनी, राजेश दुबे, मलखान मेहरा, के के दुबे, के के राजोरिया रामनारायण उपाध्याय, सोमनाथ मेहरा, सी के साहू, देवेंद्र ठाकुर आदि उच्च माध्यमिक शिक्षक उपस्थित रहे।
Tags :
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह
उच्च माध्यमिक शिक्षक