जेवर तीन गुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो शातिर ठग गिरफ्तार : नरसिंहपुर में अंधविश्वास का जाल बुनकर जेवर तीन गुना करने का झांसा देकर 10 लाख की गई ठगी
Aditi News Team
Thu, Apr 16, 2026
नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी सफलता: जेवर तीन गुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो शातिर ठग गिरफ्तार
• अंधविश्वास का जाल बुनकर जेवर तीन गुना करने का झांसा देकर की गई ठगी।
• आरोपियों द्वारा लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरों की ठगी की गई।
• आरोपियों से ठगी किए गए मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी।
ग्राम बॉसकुंवारी निवासी एक महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गाँव के अजय मेहरा ने अपने साथी अनिल राय उर्फ “मुल्ला बाबा” के साथ मिलकर सोने-चांदी के जेवर तीन गुना करने का झांसा दिया। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपियों ने महिला को डराकर घर के सभी जेवर बुलवाए और दिनांक 14.03.2026 की रात्रि में सुनसान स्थान पर रखवाकर फरार हो गए। घटना में करीब 10 लाख रुपये के जेवर हड़प लिये गए है।
पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऋषिकेश मीना ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही करते हुए विशेष टीम का गठन किया :- उक्त प्रकरण में पुलिस अधीक्षक द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक, श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी, नरसिंहपुर, श्री मनोज गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित गयी जिसके द्वारा आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा शिकायत के आधार पर विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए आवश्यक जानकारी एकत्रित की गई। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की संभावित लोकेशन चिन्हित की गई तथा लगातार दबिश दी गई।
आगरा में छिपकर रह रहा था एक आरोपी : धोखाधड़ी कर सोने-चांदी के जेवर हड़पने वाले आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुआ कि प्रकरण का एक आरोपी अजय मेहरा वर्तमान में बॉसकुंवारी के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा प्रभावी घेराबंदी कर त्वरित कार्यवाही की गई, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। आरोपी से गहन पूछताछ करने पर उसने अपराध करना स्वीकार किया तथा अपने साथी के आगरा में छिपे होने की जानकारी दी।
प्रकरण के मुख्य आरोपी के आगरा में छिपे होने की सूचना प्राप्त होते ही प्रलिस टीम को सक्रीय किया गया एवं आरोपी को गिरफ्त में लेने हेतु आगरा में घेराबंदी करायी गयी जिसके परिणाम स्वरूप आरोपी अनिल राय उर्फ “मुल्ला बाबा” को अभिरक्षा में लेने में सफलता प्राप्त हुई।
आरोपी 1 : अनिल राय उर्फ “मुल्ला बाबा” पिता धन्नू राय, निवासी ग्राम डोभी, जिला नरसिंहपुर।
आरोपी 2 : अजय मेहरा पिता अशोक मेहरा, निवासी ग्राम बॉसकुंवारी, जिला नरसिंहपुर।
बरामदगी : आरोपियों के कब्जे से सोने-चोदी के जेवर कुल कीमती लगभग 10 लाख रूपये एवं 5 हजार रूपये नगद बरामद किया गया है।
वैधानिक कार्यवाही : आरोपियों के विरूद्ध धारा 316 (2), 318 (4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीवद्ध किया गया है।
अपराध का तरीका (धोखाधड़ी): आरोपियों द्वारा पीड़िता से पुराने परिचय का लाभ उठाकर विश्वास में लिया गया। मुख्य आरोपी अजय मेहरा ने गिरवी रखे जेवर को वापस न करते हुए अपने साथी अनिल राय को “मुल्ला बाबा” के रूप में प्रस्तुत कर बताया गया कि बाबा अजमेर का रहने वाला है बहुत शक्तिशाली है सोने-चांदी के जेवर तीन गुना कर देते है। इसके बाद अंधविश्वास एवं डर का माहौल बनाकर पीड़िता से घर के सभी जेवर एकत्रित करवाए गए तथा सुनसान स्थान पर रात्रि में बुलाया गया। मौके पर जेवर रखवाकर पीड़िता को कुछ समय के लिए दूर भेज दिया गया और इसी दौरान आरोपी जेवर लेकर फरार हो गए।
सराहनीय भूमिका : उक्त प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी में थाना प्रभारी स्टेशनगंज, निरीक्षक, सौरभ पटेल, चौकी प्रभारी, सिंहपुर, उनि संजय सूर्यवंशी, सउनि विजय पटेल, आरक्षक नंदकिशोर, इमरत, सैनिक अंकित घोषी, रूपेश की सराहनीय भूमिका रही है।
पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऋषिकेश मीना एवं नरसिंहपुर पुलिस की अपील : अंधविश्वास एवं लालच का फायदा उठाकर जादू-टोना आदि के नाम पर कुछ व्यक्ति आमजनों को ठगी का शिकार बनाते हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान होता है। आप सभी जिलेवासियों से अपील है कि—
• सोने-चांदी के जेवर या धन “तीन गुना” करने जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें, यह ठगी का आम तरीका है।
• किसी भी व्यक्ति, बाबा/तांत्रिक या चमत्कार का दावा करने वाले व्यक्तियों पर विश्वास न करें।
• यदि कोई व्यक्ति डर या अनहोनी का भय दिखाकर कीमती सामान मांगे, तो तुरंत मना करें और सतर्क रहें।
• अपने जेवर, नकदी या कीमती सामान किसी के कहने पर सुनसान स्थान पर लेकर न जाएं।
• किसी भी आर्थिक लेन-देन या गिरवी रखने से पहले उचित दस्तावेज एवं विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।
• ऐसी किसी भी बात को परिवार के सदस्यों से साझा करें, छुपाने से नुकसान की संभावना बढ़ती है।
• अंधविश्वास, अफवाहों एवं झूठे प्रलोभनों से दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
• संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर सूचना दें।
Tags :
अदिति न्यूज
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना