Sunday 27th of September 2026

ब्रेकिंग

मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की आशी चौकसे ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में जीता सिल्वर

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित मप्र दौरे एवं पुलिस प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर समीक्षा की

श्रम का सम्मान पद-प्रतिष्ठा से नहीं, मेहनत और सेवा से होता है

गणेश विसर्जन के दौरान घाटपिपरिया के समीप शक्कर नदी की घटना NDRF का रेस्क्यू अभियान जारी,

वीरता और अदम्य साहस को नमन करते हुए गाडरवारा में आयोजित हुआ शौर्य सम्मान समारोह

एशियन गेम्स में आशी का सटीक निशाना,भारत के खाते में रजत : मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की आशी चौकसे ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में जीता सिल्वर

Aditi News Team

Sun, Sep 27, 2026

एशियन गेम्स में आशी का सटीक निशाना, भारत के खाते में रजत

मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की आशी चौकसे ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में जीता सिल्वर

तिलोत्तमा सेन और विदरसा के. विनोद के साथ भारतीय टीम ने 1763 अंक अर्जित कर हासिल किया दूसरा स्थान

एशियन गेम्स में आशी ने लगातार दूसरी बार 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया

एशियन गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश की प्रतिभावान निशानेबाज एवं मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी आशी चौकसे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को रजत पदक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। नागोया में आयोजित महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदरसा के. विनोद की भारतीय टीम ने 1763 अंक अर्जित कर दूसरा स्थान हासिल किया। चीन ने 1773 अंकों के साथ स्वर्ण तथा कजाकिस्तान ने 1754 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

आशी ने 585 अंक के साथ टीम की पदक जीत में दिया अहम योगदान

50 मीटर राइफल 3 पोजिशन की क्वालिफिकेशन स्पर्धा में आशी चौकसे ने 585 अंक अर्जित किए। उन्होंने नीलिंग पोजिशन में 196 और प्रोन पोजिशन में शानदार 199 अंक हासिल किए। स्टैंडिंग पोजिशन में 93 और 97 की सीरीज के साथ उन्होंने टीम के कुल स्कोर को मजबूत आधार दिया। आशी व्यक्तिगत फाइनल में स्थान नहीं बना सकीं, लेकिन उनका प्रदर्शन भारतीय टीम के संयुक्त 1763 अंकों में महत्वपूर्ण रहा।

2017 में शुरू हुआ सफर, अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बनाई पहचान

भोपाल में जन्मीं आशी चौकसे ने वर्ष 2017 में कक्षा 9वीं के दौरान नेशनल कैडेट कोर के माध्यम से शूटिंग की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने भोपाल स्थित मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया। कोच सुमा शिरूर और वैभव शर्मा के मार्गदर्शन में आशी ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2022 में उन्होंने बाकू आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण पदक सहित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।

एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि

खिलाड़ी आशी चौकसे ने इससे पहले वर्ष 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में रजत पदक और व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था। अब 2026 एशियन गेम्स में एक बार फिर इसी स्पर्धा की टीम में रजत पदक जीतकर उन्होंने एशियाई खेलों में अपनी निरंतरता और उत्कृष्ट प्रदर्शन को कायम रखा है।

एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के खाते में अब तक 3 पदक

आशी चौकसे के रजत पदक के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के खाते में अब तक कुल 3 पदक हो गए हैं, जिनमें 2 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। रजत पदक में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन पुरुष टीम स्पर्धा में, जबकि आशी चौकसे ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता है। वहीं, मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी जय मीना ने सॉफ्ट टेनिस पुरुष एकल में कांस्य पदक अपने नाम किया है। इस प्रकार मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अब तक 2 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 3 पदक अर्जित किए हैं। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की टीम ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में 1762 अंक के साथ रजत पदक जीता था।

अब शॉटगन में पदक की उम्मीदें, नीरू धांडा और मनीषा कीर करेंगी प्रतिनिधित्व

एशियन गेम्स में निशानेबाजी की स्पर्धाओं में मध्यप्रदेश की पदक यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए अब शॉटगन स्पर्धाओं पर भी नजरें रहेंगी। 27 सितंबर से शुरू होने वाली शॉटगन स्पर्धाओं में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी नीरू धांडा और मनीषा कीर भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करेंगी। नीरू धांडा महिला ट्रैप स्पर्धा में भारत की प्रमुख निशानेबाजों में शामिल हैं और वर्ष 2026 में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के महिला ट्रैप में स्वर्ण पदक भी जीत चुकी हैं।

खेल मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने दी बधाई

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने आशी चौकसे को एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी आशी चौकसे ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। मंत्री श्री सारंग ने आशी चौकसे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

एशियन गेम्स 2026

मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी आशी चौकसे

जरूरी खबरें