टैगोर स्कूल मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सख्त : नरसिंहपुर कलेक्टर को जांच कर 4 सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश, शिकायत पर लिया संज्ञान
Aditi News Team
Sat, Nov 21, 2026
टैगोर स्कूल के जुड़े मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सख्त
नरसिंहपुर कलेक्टर को जांच कर 4 सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश।
समाजसेवी आशीष राय की शिकायत पर लिया संज्ञान।
गाडरवारा। स्थानीय प्राइवेट टैगोर विद्या निकेतन स्कूल द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को एक्सपायरी खाद्य सामग्री वितरित करने के मामले में अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा संज्ञान लिया गया है। पूर्व में जिसकी जांच ब्लाक शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई थी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होने पर इसकी शिकायत समाजसेवी आशीष राय द्वारा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली से की थी जिसपर आयोग द्वारा संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर नरसिंहपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर नरसिंहपुर को भेजा गया पत्र - राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सहायक रजिस्ट्रार (विधि) नितिन दहिया द्वारा जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर नरसिंहपुर को संबोधित पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित प्राधिकारी मामले की विधिवत जांच करें। साथ ही शिकायतकर्ता एवं पीड़ित पक्ष को जांच प्रक्रिया में शामिल करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आयोग ने यह भी निर्देशित किया है कि मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाए तथा संपूर्ण कार्रवाई की रिपोर्ट चार सप्ताह के भीतर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भेजी जाए।
वही समाजसेवी आशीष राय ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों के अधिकारों और उनके हितों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे मामलों में प्रशासन की जवाबदेही भी सुनिश्चित होना आवश्यक है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए कितनी तत्परता से जांच पूरी करता है और निर्धारित समय-सीमा में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करता है।
Tags :
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
टैगोर विद्या निकेतन स्कूल गाडरवारा
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सहायक रजिस्ट्रार (विधि)