गाडरवारा सरकारी अस्पताल में देर रात नशे में उपद्रव, : पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया, अस्पताल प्रशासन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
Aditi News Team
Fri, Sep 11, 2026
गाडरवारा सरकारी अस्पताल में देर रात नशे में उपद्रव, नर्सों से गाली-गलौज और अभद्रता,
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया, अस्पताल प्रशासन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
गाडरवारा। शासकीय अस्पताल गाडरवारा में देर रात कुछ लोगों द्वारा शराब के नशे में पहुंचकर अस्पताल में पदस्थ नर्सिंग स्टाफ के साथ गाली-गलौज एवं अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर, नर्स एवं अन्य कर्मचारियों ने एकजुट होकर थाना गाडरवारा पहुंचकर कार्रवाई के लिए आवेदन सौंपा।
बताया जा रहा है कि घटना रात्रि करीब 11:30 बजे की है। कुछ लोग कथित रूप से शराब के नशे में अस्पताल के स्टाफ नर्स कक्ष के पास पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार करने लगे। इससे अस्पताल में मौजूद महिला कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल अस्पताल प्रभारी को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना गाडरवारा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर संबंधित लोगों को हिरासत में लिया। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।
लगातार घटनाओं से महिला स्टाफ में दहशत
अस्पताल स्टाफ का कहना है कि शासकीय अस्पताल में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आने से विशेषकर महिला कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी
सीएमएचओ मनीष मिश्रा ने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बढ़ती अभद्रता और उपद्रव की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर एवं कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
सीएमएचओ ने यह भी कहा कि पूर्व में भी ऐसी घटनाओं को लेकर ज्ञापन दिए गए हैं, लेकिन अब इस प्रकार की घटनाओं में कठोर कार्रवाई के लिए प्रशासन आगे बढ़ेगा।
नरसिंहपुर अस्पताल की पुरानी घटना से भी उठे सुरक्षा पर सवाल
स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर करीब एक वर्ष पूर्व शासकीय अस्पताल नरसिंहपुर में अस्पताल परिसर के अंदर नर्स की हत्या की घटना भी सामने आ चुकी है। ऐसे में गाडरवारा अस्पताल में देर रात हुई घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल गाडरवारा की घटना में पुलिस द्वारा संबंधित आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा एवं अभद्रता सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई किए जाने और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
गाडरवारा एसडीओपी एल.एस. डागुर