Friday 11th of September 2026

ब्रेकिंग

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत दहलवाड़ा में जन संवाद शिविर का हुआ आयोजन

प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति से मुलाकात की

मालथौन में प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, 50 से अधिक ढाबा-होटल-टपरों पर चला बुलडोजर

सांईखेड़ा जनपद के सामने तम्बू लगाकर बैठे ग्रामीण जन सरपंच के कार्यों की जांच की कर रहे मांग

देर शाम पहुंचे सांसद दर्शन सिंह चौधरी लोगों की समस्याओं का क्या निराकरण

शिविर में शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी : मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत दहलवाड़ा में जन संवाद शिविर का हुआ आयोजन

Aditi News Team

Fri, Sep 11, 2026

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत दहलवाड़ा में जन संवाद शिविर का हुआ आयोजन

टीबी मरीजों को फूड बास्केट और किसानों को मौके पर मिली फार्मर आईडी

स्वास्थ्य शिविर में 65 लोगों की हुई जांच, दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण

शिविर में शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी

हितग्राहियों को वितरित किए गए हितलाभ

स्वरोजगार की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं को आत्मनिर्भरता का संदेश

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से ग्राम पंचायत दहलवाड़ा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन संवाद शिविर का आयोजन कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शुक्रवार को किया गया।

स्वामित्व अधिकार अभिलेख अभियान की दी जानकारी

जन संवाद के दौरान कलेक्टर ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराकर राजस्व विभाग के माध्यम से दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। यह अभियान तीन चरणों में 17 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा।

कलेक्टर ने शासकीय योजनाओं का लाभ लेने का किया आह्वान

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जन संवाद कार्यक्रम में जन विश्वास अभियान के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए तहसील या जिला मुख्यालय न जाना पड़े, इसके लिए यह शिविर लगाए जा रहे हैं। जिला स्तरीय अधिकारी इन शिविरों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण कर रहे हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यहां लगाए गए विभागीय स्टॉलों में पात्र हितग्राही योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर समय पर अपना पंजीयन कराएं और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने योजना के लाभ से अवगत कराते हुए बताया कि यह असंगठित क्षेत्र में कार्यरत कामगारों के लिए स्वैच्छिक एवं अंशदायी पेंशन योजना है। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर पात्र हितग्राही को 3,000 रुपये प्रतिमाह की न्यूनतम सुनिश्चित पेंशन का प्रावधान है।

शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों के लिए संचालित योजनाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जननी सुरक्षा योजना की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव के लिए उपलब्ध शासकीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर योजना, संत रविदास योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टंट्या मामा स्वरोजगार योजना की जानकारी देते हुए पात्र युवाओं को इन योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

यहां आयोजित जनसंवाद शिविर में जिला पंचायत सदस्य ऋचा स्थापक, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, एसडीएम श्रीमती प्रगति वर्मा, जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही और ग्रामवासी मौजूद थे।

पशुपालन विभाग की योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित

जन संवाद शिविर में पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के अंतर्गत ग्राम पिपरिया कला के श्री पार्थ सिंह राजपूत को 2 मुर्रा भैंस प्रदाय के लिए एक लाख 47 हजार 500 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई। ग्राम अजंदा की श्रीमती जीजनबाई पति श्री शिवपाल सिंह को समुन्नत मुर्रा भैंसा प्रदाय के लिए 45 हजार रुपये का अनुदान दिया गया। इसी प्रकार बकरी इकाई 10 प्लस 1 योजना के अंतर्गत ग्राम पिठवानी की श्रीमती मनोरमा बाई पति श्री कमलकिशोर को 46 हजार 476 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई। पशुपालन डेयरी केसीसी योजना के अंतर्गत ग्राम मिढ़वानी के श्री निखिल पटेल को एक लाख 98 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।

मौके पर किसानों की बनाई गई फार्मर आईडी, दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण

जन संवाद शिविर में किसानों को सुविधा देने के उद्देश्य से मौके पर ही फार्मर आईडी बनाई गई। गंगाराम, थम्मन, मदन, श्यामलाल, लक्ष्मण सिंह कौरव एवं थाड़े सिंह पारधी की फार्मर आईडी बनाकर उन्हें प्रदान की गई। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। फुलिया बाई ठाकुर, बेटी बाई अहिरवार, भगोली अहिरवार एवं शैलेन्द्र अहिरवार को स्टिक, लखन कौरव एवं मूलचंद्र कहार को नी-ब्रेस तथा तोड़ल सिंह अहिरवार को नी-ब्रेस एवं स्टिक प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों को नि:शुल्क फूड बास्केट भी प्रदान किए गए।

आवेदनों का हुआ तत्काल निराकरण, मौके पर आधार संबंधी सेवाओं का भी मिला लाभ

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा 36 आवेदन प्रस्तुत किए गए। वहीं दहलवाड़ा में आयोजित शिविर में 72 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 25 आवेदनों का तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर निराकरण किया गया। शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर आवेदकों को अवगत कराने के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। जन संवाद शिविर में ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 81 नागरिकों के आधार अपडेट किए गए, जबकि 4 नवीन आधार बनाए गए। इस प्रकार कुल 85 नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिला। आमगांव छोटा में 30 आधार अपडेट एवं 2 नवीन आधार बनाने सहित कुल 32 आधार संबंधी कार्य किए गए।

जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में इस सप्ताह कुल 192 आधार संबंधी कार्य किए गए हैं। इनमें 5 नवीन आधार बनाने तथा 187 आधार अपडेट करने के कार्य शामिल हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं का भी मिला लाभ, स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी

शिविर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 65 लोगों की ओपीडी की गई। जरूरतमंद हितग्राहियों के 32 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 60 एक्स-रे किए गए। दिव्यांगजनों के लिए 51 यूडीआईडी कार्ड बनाए गए। इसके अलावा 36 आभा आईडी भी तैयार की गईं। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कामधेनु योजना के अंतर्गत 2 हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।

युवाओं ने साझा की आत्मनिर्भर बनने की कहानी

जन संवाद शिविर में आयोजित उद्यमी संवाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शासकीय योजनाओं की सहायता से अपना व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बने युवाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि शासकीय योजनाओं से मिली आर्थिक एवं अन्य सहायता ने उन्हें स्वयं का रोजगार स्थापित करने और अपने पैरों पर खड़ा होने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उनकी सफलता की कहानियों ने अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।

जल संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए ग्रामीणों को किया प्रेरित

जन संवाद के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा गांव में किए जा रहे जल संरक्षण के कार्यों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल के बेहतर प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया गया। जन संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी, मार्गदर्शन और योजनाओं से जुड़ने का अवसर एक ही स्थान पर मिला।

कठपुतली एवं नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कलापथक दल द्वारा कठपुतली नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाते हुए नवयुवकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर,कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

जरूरी खबरें