नरसिंहपुर पुलिस ने जमीनी विवाद में की गई अंधी हत्या का किया खुलासा : मौसेरे भाइयों ने बिजली बंद कर लोहे की रॉड, फावड़ा एवं डंडों से दंपति पर किया जानलेवा हमला
Aditi News Team
Wed, Jul 22, 2026
जमीनी विवाद में की गई अंधी हत्या का नरसिंहपुर पुलिस ने मात्र 72 घंटे में किया खुलासा
• तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझी।
• जमीनी विवाद एवं पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने रची थी हत्या की साजिश।
• मौसेरे भाइयों ने बिजली बंद कर लोहे की रॉड, फावड़ा एवं डंडों से दंपति पर किया जानलेवा हमला।
• हमले में पति की मृत्यु, पत्नी गंभीर रूप से घायल।
• घटना घटित करने के बाद आरोपी महिला से सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र एवं चांदी की पायल लूटकर हुए थे फरार।
• घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया
दिनांक 19 जुलाई 2026 को रात्रि लगभग 11:30 बजे थाना डोगरगांव अंतर्गत ग्राम डंगहा में खेत पर रह रहे एक दंपति पर अज्ञात आरोपियों द्वारा जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड, फावड़ा एवं डंडों से हमला किया गया। घटना में पति की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रकरण पंजीबद्ध एवं घटनास्थल का निरीक्षण : घटना की सूचना मिलते ही थाना डोगरगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए तथा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(8), 103(1), 109(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल एवं विशेषज्ञ दल द्वारा वैज्ञानिक परीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए।
अंधी हत्या के खुलासे हेतु विशेष टीम का गठन :घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा अंधे हत्याकांड के शीघ्र खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु अति. पुलिस अधीक्षक, श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी, गाडरवारा, श्री ललित डागुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक अनुसंधान, मुखबिर तंत्र एवं अन्य सभी संभावित पहलुओं पर समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
तकनीकी एवं वैज्ञानिक विवेचना से मिला अहम सुराग :
विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक की चीचली निवासी पुष्पराज कौरव से पुरानी रंजिश थी तथा दोनों पक्षों के बीच खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
उक्त तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पुष्पराज कौरव को अभिरक्षा में लेकर गहन एवं मनोवैज्ञानिक पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी लगातार अपने बयान बदलता रहा, लेकिन तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के समक्ष अधिक देर तक नहीं टिक सका।
पूछताछ में आरोपियों ने उगला हत्या का राज :
मुख्य संदेही पुष्पराज कौरव ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने मौसेरे भाई अनिकेत कौरव निवासी ग्राम भौंरझिर के साथ मिलकर पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या की योजना बनाई थी।
दिनांक 19 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 11:00 बजे दोनों आरोपी मृतक दंपति के खेत स्थित मकान पर पहुंचे। सबसे पहले मकान की बिजली बंद कर चारों ओर अंधेरा किया और इसके बाद लोहे की रॉड, फावड़ा एवं डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पति की मृत्यु हो गई तथा पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतका के सोने के एक जोड़ी टॉप्स, मंगलसूत्र एवं चांदी की पायल लेकर फरार हो गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी :
लगातार तकनीकी निगरानी, वैज्ञानिक साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं सघन पतासाजी के आधार पर पुलिस ने अंधे हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी :
• पुष्पराज कौरव पिता केहरसिंह कौरव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम डंगहा, थाना डोगरगांव, हाल निवासी चीचली।
• अनिकेत कौरव पिता यशवंत कौरव, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम भौंरझिर, थाना गाडरवारा, हाल निवासी चीचली।
बरामदगी :घायल महिला से लूटा गया सोने के एक जोड़ी टॉप्स, मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी पायल, एक स्कूटी एवं घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, फावड़ा एवं डंडा (आलाजरब) जप्त कर प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हत्या का कारण : विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि खेत की मेड़ को लेकर चले आ रहे पुराने जमीनी विवाद एवं आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र रचकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
अंधी हत्या के खुलासे में सराहनीय भूमिका: उक्त अंधी हत्या के खुलाशे में निरीक्षक अनिल अजमेरिया, थाना प्रभारी डोगरगांव उप निरीक्षक बबीता पहाड़े, थाना प्रभारी ठेमी उप निरीक्षक प्रकाश पाठक, उप निरीक्षक अंकित रावत (थाना गाडरवारा), उप निरीक्षक अमित गोटिया (थाना चीचली), प्रधान आरक्षक आरिफ खान, प्रधान आरक्षक आकेश तिवारी, वरिष्ठ आरक्षक रंजीत, वरिष्ठ आरक्षक सोबरन, वरिष्ठ आरक्षक चन्द्रप्रताप पटेल, वरिष्ठ आरक्षक पुष्पराज बागरी, आरक्षक प्रतीक जाटव, आरक्षक मौसम राय, आरक्षक राजेश साहू, महिला आरक्षक गिनी तिवारी, महिला आरक्षक मोनिका दुबे, महिला आरक्षक कुमुद पाठक एवं आरक्षक हेमन्त की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना
गाडरवारा एसडीओपी एल.एस. डागुर