हार्वेस्टर ने कहर बरपाया एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर : तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने पहले घर गिराया, फिर पीछा करने वाले बाइक सवार को रौंदा,
Aditi News Team
Mon, Nov 23, 2026
रिपोर्टर जितेंद्र दुबे
तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने पहले घर गिराया, फिर पीछा करने वाले बाइक सवार को रौंदा,
एक की मौत, दूसरा मौत और जीवन के बीच कर रहा संघर्ष

मृतक रामफल यादव का छाया चित्र
शाहनगर। शाहनगर से बोरी जा रहे तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने लमतरा में शनिवार की रात्रि 9 बजे कहर बरपाया। हार्वेस्टर ने सड़क किनारे स्थित हसनलाल यादव पिता दीनदयाल यादव 40 वर्ष के खपरैल को धक्का दे दिया, जिससे वहां बंधी कुछ बकरियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।
घटना देखकर मौके पर मौजूद पहलाद यादव पिता मुन्ना यादव 28 वर्ष और रामफल यादव पिता भगवान दास 29 वर्ष निवासी लमतरा अपनी मोटरसाइकिल से हार्वेस्टर का पीछा करने लगे। इसी दौरान ओवरटेक करते हुए हार्वेस्टर ने दोनों की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि रामफल यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पहलाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
जानकारी मिलते ही बोरी चौकी प्रभारी एएसआई संतोष मशराम ने वाहन का पीछा किया तो तेज गति से चलाते हार्वेस्टर मलघन के आगे सड़क किनारे पलट गया और वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
परिजनों ने बताया कि मृतक रामफल यादव और घायल पहलाद यादव दोनों लमतरा के ही निवासी थे। गंभीर घायल पहलाद यादव मौत और जीवन के बीच संघर्ष कर रहा है, जिसे बेहतर इलाज के लिए कटनी रेफर किया गया है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
शाहनगर पुलिस