प्राकृतिक व पर्यावरण संरक्षण के लिए जल अत्यंत आवश्यक है- सांसद : जल संरक्षण समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, कलेक्ट्रेट परिसर में जल संवाद कार्यशाला सम्पन्न
Aditi News Team
Sun, Jun 7, 2026
प्राकृतिक व पर्यावरण संरक्षण के लिए जल अत्यंत आवश्यक है- सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी
जल संरक्षण समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, कलेक्ट्रेट परिसर में जल संवाद कार्यशाला सम्पन्न
नरसिंहपुर।सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि विश्व में जल की समस्या विकराल रूप ले रही है, इसलिए जल का संरक्षण करना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि जल को बनाया नहीं जा सकता, बल्कि उसे बचाया जा सकता है। प्राकृतिक और पर्यावरण संरक्षण के लिए जल अत्यंत आवश्यक है। सांसद श्री चौधरी शनिवार को कलेक्ट्रेट प्रांगण नरसिंहपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत भू-जल भरण की विशिष्ट तकनीकों पर आयोजित जल संवाद कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र नागेश, श्री रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए जल को बचाना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक जल संरक्षण व संवर्धन के लिए संकल्प लें और जल का संरक्षण करें। वर्षा जल को व्यर्थ न बहने दें तथा उसे सोखपिट और कंटूर ट्रेंच के माध्यम से भूमिगत करें, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने-अपने घरों में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाएं, जिससे वर्षा जल को भूमिगत किया जा सके। सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने जल के महत्व को बताते हुए कहा कि जल है तो जीवन है। आओ हम सब मिलकर जल संरक्षण के इस अभियान को पूरा करें और आने वाली पीढ़ी के लिए जल बचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि हमें जल संरक्षण के इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाना होगा, जिससे हर व्यक्ति जल के महत्व को समझकर इस अभियान में शामिल हो सके।
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि प्रत्येक परिवार व नागरिक का कर्तव्य है कि उसे जितने जल की आवश्यकता है, उतना ही जल का उपयोग करें, जल को व्यर्थ न बहाएं और न ही बहने दें, जिससे नरसिंहपुर जिला जल बचाने के इस अभियान में अव्वल स्थान पर रहे। कार्यशाला में प्रसिद्ध भूगर्भ वैज्ञानिक डॉ. सुनील चतुर्वेदी ने जल के महत्व, वर्तमान में जल प्रदूषण की व्यापक चुनौतियों तथा भविष्य के रेखांकन के साथ स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। ग्राम पंचायत द्वारा भू-जल भरण के कार्यों पर प्रकाश डाला और वर्षा जल को सुरक्षित करने के उपाय बताए।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल
नरसिंहपुर सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश
नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी