मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच क्या सिर्फ कागजों तक सीमित : मिलावट मिठाइयों की दुकानें आखिर सील क्यों नहीं की जाती, सैंपल जांच के नाम पर अधिकारी कर रहे केवल खाना पूर्ति,
Aditi News Team
Mon, Sep 14, 2026
त्योहारों का सीजन शुरू, मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच पर उठे सवाल
खाद्य विभाग की सक्रियता पर सवाल, मिलावट की आशंका के बीच कार्रवाई का इंतजार
गाडरवारा। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाजारों में मिठाई और खाद्य सामग्री की बिक्री बढ़ गई है। ऐसे में मिठाई प्रतिष्ठानों और खाद्य दुकानों में गुणवत्ता की जांच को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय स्तर पर पूर्व में भी मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाने और कुछ नमूनों में गड़बड़ी सामने आने की बातें सामने आती रही हैं। इसके बावजूद इस बार त्योहारों के दौरान मिठाई प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और सैंपलिंग को लेकर विभाग की ओर से अपेक्षित सक्रियता नजर नहीं आने की चर्चा है।
त्योहारों के दौरान बड़ी मात्रा में मिठाइयों की बिक्री होती है। ऐसे में पुराने या खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों, मिलावटी सामग्री तथा रंग और अन्य खाद्य पदार्थों के मानकों को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता बनी रहती है। लोगों का कहना है कि विभाग को केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करने के बजाय त्योहारों से पहले ही बाजार में विशेष जांच अभियान चलाना चाहिए।
नियमित सैंपलिंग का कार्य उपभोक्ताओं के सामने हो, गुपचुप कार्यवाही पर उठ रहे कई सवाल
स्थानीय लोगों ने खाद्य विभाग से मांग की है कि गाडरवारा के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों, दुकानों और खाद्य सामग्री विक्रेताओं का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाएं। साथ ही जांच में यदि किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन या खाद्य गुणवत्ता में कमी सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब सवाल यह है कि त्योहारी सीजन में खाद्य विभाग कब जागेगा और मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच कब शुरू होगी? उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए समय रहते जांच अभियान चलाना जरूरी माना जा रहा है।
एक बात और आजकल चलन में जहां कुछ खाद्य विभाग अधिकारी कार्यवाही के नाम पर इन मिठाई की दुकानों का सैंपल लेते हैं पंचनामा भी बनाते हैं, जप्ती भी करते हैं , पर धरातल में आम जनता को कुछ इनका झालमेल समझ में नहीं आता कहीं आखिर ये सब कागजों में तो नही चल रहा । जिम्मेदार अधिकारी ध्यान दे और खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों की दुकानों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करे जिससे कोई जान माल की हानि न हो।
Tags :
गाडरवारा एसडीएम
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
खाद्य अधिकारी नरसिंहपुर