24.1 C
Bhopal
April 27, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर,कलेक्टर ने किया दूरस्थ अचंल के ग्रामों का निरीक्षण चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्यायें

कलेक्टर ने किया दूरस्थ अचंल के ग्रामों का निरीक्षण
चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्यायें
नरसिंहपुर।कलेक्टर श्री रोहित सिंह गुरूवार को विकासखंड चीचली के भ्रमण पर रहें। उन्होंने यहां की दूरस्थ ग्राम पंचायतों खिरैटी, टूड़नी (खैरी), ग्वारी एवं जामगांव का निरीक्षण किया। यहां पहुंचकर कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामवासियों से चर्चा की और उनके क्षेत्र की समस्याएं जानी। चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिये आवश्यक निर्देश भी दिये।
अवैध शराब विक्रय पर कार्यवाही
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत खिरैटी में आयोजित शिविर में ग्रामवासियों ने यहां अवैध शराब विक्रय किये जाने की शिकायत की। इस पर उन्होंने तहसीलदार को तत्काल कार्यवाही करने निर्देशित किया। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अमले ने संयुक्त कार्यवाही की।   खिरैटी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र एवं शासकीय नवीन माध्यमिक शाला का भी औचक निरीक्षण कलेक्टर ने किया। आंगनवाड़ी केंद्र में उन्होंने बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली। बच्चों का वजन मापने वाले मशीन को देखा एवं अपने समक्ष बच्ची का वजन करवाया। बच्चों को दिये गये भोजन का सैम्पल भी इस दौरान उन्होंने देखा। कक्षा 7वीं के बच्चों से चर्चा कर उन्होंने वीर रस, वीभत्स रस, रौद्र रस और वातसल्य रस के बारे में भी सवाल किये। छात्र- छात्राओं से पाठ्य पुस्तकों, स्कूल ड्रेस वितरण की भी जानकारी ली।
स्व-सहायता समूह सदस्यों को हटाने के निर्देश
शासकीय प्राथमिक शाला टूड़नी (खैरी) का भी निरीक्षण कलेक्टर श्री सिंह ने किया। यहां उन्होंने बच्चों से पहाड़े एवं बारहखड़ी भी पूछी। इसके उपरांत उन्होंने ग्राम पंचायत ग्वारी के आंगनवाड़ी केंद्र एवं शाला का भी निरीक्षण किया। परिसर में स्थित जर्जर आंगनवाड़ी भवन को डिस्मेंटल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। समूह द्वारा बच्चों को परोसे गये भोजन की जानकारी ली। समूह ने बताया कि यहां सिर्फ दो ही समूह के सदस्यों द्वारा भोजन बनाया जा रहा है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने बीआरसी को निर्देश देते हुये कहा कि अन्य समूह सदस्यों को हटाया जाये। उन्होंने यहां बीआरसी को पुष्प वाटि‍का निर्मित करने के लिये भी ताकीद किया।
ग्राम पंचायत सचिव नि‍लम्बित
ग्राम पंचायत भवन ग्वारी में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के दौरान शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने पर ग्राम पंचायत सचिव श्री सत्यनारायण कौरव को नि‍लम्बित करने के निर्देश दिये। ग्वारी में ग्रामवासियों ने पहुंच मार्ग को दुरस्त करवाने एवं विद्युत उपलब्धता नहीं होने की जानकारी भी दी। विगत दो दिवस से बिजली नहीं होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने एई का एक दिन का वेतन काटने एवं डीई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी के एसई को दिये।
ग्राम पंचायत जामगांव में सुनी समस्यायें
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम पंचायत जामगांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्यायें सुनी। ग्रामवासियों ने बताया कि इस दूरस्थ क्षेत्र में बिजली की समस्या होती है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने विद्युत व्यवस्था दुरस्त करने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी के एसई को दिये। इसके अलावा ग्रामवासियों ने बताया कि जननी सुरक्षा योजना के तहत एम्बुलेंस यहां नहीं आती। कलेक्टर श्री सिंह ने एम्बुलेंस संचालन एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश सीएमएचओ को दिये। तदुपरांत ग्रामीणों ने बताया कि यहां स्कूल में बाउण्ड्रीवाल नहीं है। कलेक्टर श्री सिंह ने ईई आरईएस को उक्त निर्माण कार्य करने ताकीद किया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि पंचायत भवन की दीवार पर  आशा व ऊषा कार्यकर्ता, बीएमओ के नम्बर का उल्लेख करने कहा ताकि आवश्यकता पड़ने पर टेलीफोन के माध्यम से सूचना दी जा सके। यहां उन्होंने आशा कार्यकर्ता के पास उपलब्ध दवाईयों की भी जानकारी ली।

खाद्य सामग्री की दुकानों से लिये नमूने
नरसिंहपुरकलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देशानुसार दीपावली के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा मिठाई, नमकीन, मावा आदि खाद्य सामग्री के विक्रेता व निर्माता की दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इन दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोग शाला भेजे जा रहे हैं। यह जानकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अमित गुप्ता ने दी है। उन्होंने खाद्य सामग्री निर्माता व विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुरूप गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री का ही निर्माण एवं विक्रय करें, अन्यथा नियमानुसार संबंधित के‍‍ विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी।

जिले के 7 हजार 206 हितग्राहियों के आवासों में होगा गृहप्रवेश
नरसिंहपुर।मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार 22 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के अंतर्गत प्रदेश में 4 लाख 50 हजार से अधिक निर्मित आवासों में गृहप्रवेश का कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलों से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में बीटीआई मैदान सतना से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से किया जावेगा। उक्त कार्यक्रम में जिले के 7 हजार 206 हितग्राहियों के आवासों का भी गृहप्रवेश संपन्न कराया जावेगा। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर मुख्य अतिथि आमंत्रित कर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये है। आवास हितग्राही 22 अक्टूबर 2022 को 12 बजे से घर में साज-सज्जा कर दीप प्रज्जवलन कर गृह-प्रवेश करेंगे। वही मुख्य अतिथि द्वारा हितग्राहियों को पंचायत स्तरीय आयोजन में सम्मानित किया जायेगा। दोपहर 3 बजे से जिला सतना से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदरर्शन पर किया जायेगा। गृहप्रवेश के जिला, जनपद स्तरीय आयोजनों में जनप्रतिनिधिगण शामिल होकर हितग्राहियों को सम्मानित करेंगे।

गुड़ भट्टियों में हो शौचालय
नरसिंहपुर। स्व्च्छ भारत मिशन अंतर्गत संपूर्ण जिला ओडीएफ घोषित किया गया है एवं फेज- 2 में जिले के सभी ग्रामों को ओडीएफ प्ल्स मॉडल बनाया जाना है। आगामी दिनों में गन्ना कटाई एवं गुड़ भट्टी/ कुल्होर पर कार्य करने के लिए कृषकों द्वारा बाहर से मजदूर बुलाये जाते हैं एवं शौचालय न होने की स्थिति में उनके द्वारा बाहर शौच क्रिया की जाती है। समस्त गुड़ भट्टी/ कुल्होर के मालिकों को स्थाई/ अस्थाई शौचालयों का निर्माण कराने हेतु निर्देशित करना सुनिश्चित करें। यह जानकारी जिला पंचायत सीईओ डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने दी है।

Aditi News

Related posts