24.1 C
Bhopal
April 27, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

इंदौर में नगर निगम ने महिलाओ को दी एक और सौगात..महिलाओं के लिये सर्व सुविधायुक्त बहुउपयोगी शी-कुंज किया स्थापित

इंदौर शहर में नगर निगम द्वारा नागरिकों विशेषकर महिलाओं के लिये अनेक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। इसी सिलसिले में महिलाओं को प्रसाधन, स्तनपान, शौचालय आदि की सुविधाएं एक साथ मुहैया कराने के लिये सर्वसुविधायुक्त शी-कुंज बनाये गये है। इनका शुभारंभ आज पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने किया। यह शी-कुंज महिला पुलिस थाना पलासिया, 56 दुकान, विजय नगर एवं मेघदूत उपवन के पास बनाये गये है।  
      इंदौर नगर निगम आयुक्त व स्मार्ट सिटी की कार्यपालक निदेशक सुश्री प्रतिभा पाल ने बताया कि शहर में निगम द्वारा नागरिको को अनेको सौगात दी जा रही है। इसी क्रम में आज स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत शहर के भीड भरे बाजारो व मार्केटो में महिलाओ की सुविधा के लिये शी-कुंज बनाये गये है। पर्यटन व संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने आज महिला पुलिस थाना पलासिया स्थित शी-कुंज का औपचारिक रूप से लोकार्पण किया। मंत्री सुश्री ठाकुर द्वारा महिलाओ को दी गई इस सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह शहर की महिलाओ के सम्मान व सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी सौगात है।  
      इस अवसर पर स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती अदिति गर्ग, एडिशनल एसपी श्रीमती मनीषा सोनी पाठक, महिला थाना टीआई श्रीमती ज्योति शर्मा, महिला थाना स्टाफ, श्री विजय मराठे, उपयंत्री श्री सौरभ माहेश्वरी, श्री निहाल व अन्य उपस्थित थे।
      शी-कुंज स्थापना की योजना महिलाओ को सौगात देने की बनाई गई है। इसके अंतर्गत स्मार्ट सिटी योजना में इंदौर के मुख्य व्यवसायिक क्षेत्रो, बाजारो व प्रमुख कार्यालय जहां पर महिलाओ की आवाजाही रहती है, वहां महिला सुविधा घर एवं अन्य सुविधाएं देने के लिये शहर के 25 विभिन्न स्थानो पर सुविधा केन्द्रो का निर्माण किया जा रहा है। महिलाओ की मूलभूत सुविधाओ हेतु शी-कुंज के नाम से आधुनिक सुविधा केन्द्रो का निर्माण स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। शी-कुंज का कुल क्षेत्रफल 400 वर्ग फीट है। शी-कुंज में आने वाली महिलाओ के लिये फीडिंग रूम बनाया गया है। इसमें बैठने के लिये सौफे भी लगाये गये है। इसके साथ ही महिलाओ के लिये सुविधा घर में सौन्दर्य प्रसाधन सामग्री भी रखी गई है और महिलाओ के लिये सेनिटरी पेड मशीन भी लगाई गई है। यह सब सुविधाऐं निःशुल्क रहेगी तथा शी-कुंज में केयर टेकर व महिला गार्ड भी तैनात किये गये है।  
      नगर निगम व स्मार्ट सिटी के तहत कोई राशि व्यय नही की जायेगी, यह सुविधाघर पीपीपी मॉडल पर तैयार किया गया है। जिसका कॉटेक्टर द्वारा आगामी 15 वर्षो तक रख-रखाव भी किया जायेगा। इसके प्रथम चरण में 04 स्थानो महिला पुलिस थाना पलासिया, 56 दुकान, विजय नगर एवं मेघदूत उपवन पर शी-कुंज का निर्माण किया गया है। शेष स्थानो का चयन करके शीघ्र ही निर्माण किया जायेगा।

Aditi News

Related posts