एनटीपीसी, गाडरवारा में नशामुक्ति का दिया गया सशक्त संदेश : नशा नहीं करेंगे, न किसी को करने देंगे" का लिया गया सामूहिक संकल्प
Aditi News Team
Mon, Jul 20, 2026
नशे से दूरी है जरूरी-2.0" अभियान के तहत एनटीपीसी, गाडरवारा में नशामुक्ति का दिया गया सशक्त संदेश

• माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अखिलेश शुक्ला ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ।
• लअधिकारियों एवं आमजन को लगाया गया अभियान का बैज।
• नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता का किया गया आह्वान।
• पुलिस टीमों ने पंपलेट एवं पोस्टर वितरित कर नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया।
• नशा नहीं करेंगे, न किसी को करने देंगे" का लिया गया सामूहिक संकल्प।
प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है जरूरी-2.0" अभियान के अंतर्गत एनटीपीसी, गाडरवारा में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अखिलेश शुक्ला ने उपस्थित अधिकारियों एवं आमजन को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए गंभीर चुनौती है तथा इससे मुक्ति केवल जनसहभागिता और सामूहिक संकल्प से ही संभव है।
अधिकारियों एवं आमजन को लगाया गया अभियान का बैज : कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना एवं अन्य अधिकारियों द्वारा माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री राकेश सनोडिया, माननीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेश तिवारी, माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री अजय यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं आमजन को "नशे से दूरी है जरूरी-2.0" अभियान का बैज लगाकर नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी लड़ाई तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस जनआंदोलन का सक्रिय सहभागी बने।
पंपलेट एवं पोस्टर वितरित कर किया गया जागरूक : कार्यक्रम के उपरांत पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्र में आमजन के बीच नशा मुक्ति जागरूकता पंपलेट एवं पोस्टर वितरित किए गए। इस दौरान लोगों को नशे के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों एवं नशामुक्त समाज के महत्व की जानकारी देते हुए अभियान से जुड़ने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।
नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प : कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों ने "नशा नहीं करेंगे, न किसी को करने देंगे" का सामूहिक संकल्प लिया तथा अभियान को जन-जन तक पहुँचाकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का विश्वास व्यक्त किया।
Tags :
पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना
एनटीपीसी गाडरवारा