गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत गौ माता को सेवा सुरक्षा सम्मान दिलाने : 27 जुलाई को देश के 790 जिला मुख्यालयों में 15 करोड़ हस्ताक्षर सरकार को सौंपे जाएंगे
Aditi News Team
Tue, Jul 14, 2026
27 जुलाई को देश के 790 जिला मुख्यालयों में 15 करोड़ हस्ताक्षर सरकार को सौंपे जाएंगे
एर्नाकुलम, 14 जुलाई। भारतीय वेदलक्षणा गोवंश की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देशभर में चल रहे "गो सम्मान आह्वान अभियान" के अंतर्गत 27 जुलाई 2026 को देश के 790 जिला मुख्यालयों में 15 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित कर सरकार को सौंपे जाएंगे। उक्त एर्नाकुलम के टीडी रोड स्थित श्री बाबाराम देव जी टैम्पल में 31 वर्षीय गो पर्यावरण एवं अध्यात्म चेतना पदयात्रा के प्रणेता ग्वाल संत स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज एवं महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी रवि शरणानंद जी महाराज ने जानकारी दी।
स्वामीजी ने बताया कि गोपाल की भूमि भारत में गोमाता को उनका उचित सम्मान एवं कानूनी संरक्षण प्रदान करने, देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने तथा गोमाता की सेवा एवं संरक्षण के लिए संवैधानिक एवं कानूनी रूप से सशक्त व्यवस्था स्थापित करने की मांग को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है।
ब्रजमंडल के पूज्य संतों के मार्गदर्शन, नंदी बाबा के अध्यक्षत्व तथा भगवती गोमाता के संरक्षण में प्रारंभ हुआ यह जनजागरण अभियान देशभर में व्यापक रूप से आगे बढ़ रहा है। इसके द्वितीय चरण के अंतर्गत केरल के सभी 14 जिलों में संतों, गोभक्तों एवं विभिन्न सनातन संगठनों के नेतृत्व में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत गांव, नगर, तहसील एवं जिला स्तर पर जनजागरण के साथ-साथ हस्ताक्षर संग्रह का कार्य किया जा रहा है। एकत्रित हस्ताक्षरों को भारत सरकार, राज्य सरकारों तथा केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासन को सौंपे जाने वाले प्रार्थना-पत्रों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
अभियान के प्रमुख चरण :
27 अप्रैल 2026 को देशभर की 5,000 से अधिक तहसीलों में 5 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित कर सरकार को सौंपते हुए प्रथम गो सम्मान दिवस मनाया गया।
इसके पश्चात 27 जुलाई 2026 को देश के 790 जिला मुख्यालयों में 15 करोड़ हस्ताक्षरों के साथ द्वितीय गो सम्मान दिवस मनाया जाएगा।
अहिंसात्मक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन
अभियान के कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह पूर्णतः अहिंसात्मक, शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक जनआंदोलन है। इसमें भाषण, राजनीतिक प्रदर्शन अथवा विरोध-प्रदर्शन के स्थान पर संकीर्तन, प्रार्थना, जनजागरण एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनमानस को जागृत कर सरकार का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित किया जाएगा।
गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान को राष्ट्रीय स्तर पर सुनिश्चित करने के इस पावन प्रयास में समाज के सभी वर्गों से सहभागिता एवं सहयोग का विनम्र आह्वान किया गया है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
गौ सम्मान आव्हान अभियान
ग्वाल संत स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज
महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी रवि शरणानंद जी महाराज