Thursday 20th of August 2026

ब्रेकिंग

स्थानीय मानव संघ के मानवीय मूल्यों से जुड़े कार्यक्रमों के तहत पिछले सात वर्षों से लगातार खिचड़ी वितरण

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत काशी तीर्थ यात्रा के लिए 196 सीटें आवंटित आवेदन की अंतिम तिथि 18 सितम्बर 2026

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ

नरसिंहपुर जिले में एक जून से 20 अगस्त तक की अवधि में औसत रूप से कुल 623.4 मिमी वर्षा दर्ज की गयी है

रोगी कल्याण समिति की बैठक में चिकित्सा उपकरण, मानव संसाधन एवं अस्पताल सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मिली मंजूरी

मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता : रोगी कल्याण समिति की बैठक में चिकित्सा उपकरण, मानव संसाधन एवं अस्पताल सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मिली मंजूरी

Aditi News Team

Thu, Aug 20, 2026

मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता

रोगी कल्याण समिति की बैठक में चिकित्सा उपकरण, मानव संसाधन एवं अस्पताल सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मिली मंजूरी

नरसिंहपुर।कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर की रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक तेंदूखेड़ा एवं रोगी कल्याण समिति के सदस्य श्री विश्वनाथ सिंह पटेल की मौजूदगी में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक चिकित्सा उपकरण एवं सामग्री की उपलब्धता तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। समिति ने सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

एसएनसीयू में बढ़ेंगी सुविधाएं

बैठक में जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू के लिए 10 फोटोथैरेपी मशीन एवं 10 सिरिंज पंप क्रय करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। एसएनसीयू के तीन वेंटिलेटरों के सुधार कार्य के लिए शेष 6 लाख 80 हजार 797 रुपये का भुगतान रोगी कल्याण समिति मद से करने तथा एक खराब वेंटिलेटर के सुधार के लिए लगभग 3 लाख रुपये व्यय करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

पैथोलॉजी, ओटी और अन्य सुविधाओं के लिए उपकरण होंगे उपलब्ध

सेंट्रल पैथोलॉजी के लिए आवश्यक मशीन एवं सामग्री क्रय करने, अस्पताल के उपयोग के लिए 3 स्टील स्ट्रेचर क्रय करने तथा गायनिक ओटी के लिए 2 टन क्षमता के दो एयर कंडीशनर क्रय करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

आर्थोपेडिक एवं सर्जिकल ओटी की मांग के अनुसार आवश्यक इंस्ट्रूमेंट्स की खरीदी को भी समिति ने अनुमोदित किया। इसके लिए आर्थोपेडिक इंस्ट्रूमेंट्स पर लगभग 4 लाख रुपये तथा सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट्स पर लगभग एक लाख रुपये की अनुमानित लागत निर्धारित की गई है।जिला चिकित्सालय के नेत्र वार्ड को टीबी वार्ड में स्थानांतरित किए जाने के संबंध में लोक निर्माण विभाग से प्राप्त प्राक्कलन पर चर्चा की गई।

4 कंप्यूटर ऑपरेटर/डाटा एंट्री ऑपरेटर की होगी व्यवस्था

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 300 बिस्तरीय अस्पताल में 4 कंप्यूटर ऑपरेटर/डाटा एंट्री ऑपरेटर रखे जाने के प्रावधान के तहत जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर में 4 कंप्यूटर ऑपरेटर/डाटा एंट्री ऑपरेटर के नियोजन को स्वीकृति दी गई। इन मानव संसाधनों पर होने वाले व्यय का भुगतान राज्य मद से किया जाएगा।

ट्रामा वार्ड के मरीजों को अस्पताल में ही मिलेगी एक्स-रे सुविधा

ट्रामा वार्ड में आने वाले मरीजों को मुंह की चोट के एक्स-रे के लिए बाहर भेजने की आवश्यकता को देखते हुए मरीजों की सुविधा के लिए आर.जी.व्ही. एवं ओ.पी.जी. मशीन क्रय करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। मशीन की अनुमानित लागत 12 लाख रुपये है। इसके उपलब्ध होने से संबंधित मरीजों को जांच की सुविधा जिला चिकित्सालय में ही मिल सकेगी।

नवीन मर्चुरी भवन के निर्माण की प्रक्रिया होगी शुरू

बैठक में जिला चिकित्सालय परिसर में नवीन मर्चुरी भवन के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कराने एवं आवश्यक कार्यवाही करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक रोगी कल्याण समिति की आय-व्यय विवरणी का अनुमोदन किया गया।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजकुमार चौधरी, डॉ. राहुल नेमा, डॉ. स्वाति मीणा, डॉ. रिचा मिश्रा, समाजसेवी श्री राकेश जैन, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, श्री राजेन्द्र डहेरिया, सहायक अस्पताल प्रबंधक सहित जिला चिकित्सालय के अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मिश्रा

तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल

जरूरी खबरें