32.9 C
Bhopal
May 4, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर,9 मार्च को श्रीनगर के जनसमस्या निवारण शिविर से शुरू होगा प्रोजेक्ट निदान

दिव्यांगों व बुजुर्गों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए भटकना नहीं पड़े- कलेक्टर

नरसिंहपुर।कलेक्टर रोहित सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि लोगों को स्थानीय स्तर पर ही शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिले, यह सुनिश्चित किया जावे। श्री सिंह सोमवार को समय सीमा की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ले रहे थे। उन्होंने बताया कि 9 मार्च को श्रीनगर में आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविर से जिले में प्रोजेक्टर निदान की शुरूआत होगी। इसमें ग्राम स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण ग्रामीण स्तर पर कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मौके पर दिलाया जायेगा। पंचायत में प्राप्त शिकायतों की मॉनीटरिंग संबंधित नोडल अधिकारी करेंगे। मैदानी अमले की कार्यप्रणाली की मॉनीटरिंग भी की जायेगी। प्राप्त शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी जायेंगी। उन्होंने सीईओ जनपद व सीएमओ नगरीय निकाय को शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि स्वसहायता समूह की महिलाओं का भी सहयोग लिया जाये। इसमें सभी वर्गों की सहभागिता हो।

         विदित है कि प्रोजेक्ट निदान के तहत ग्राम पंचायत स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर बुधवार 9 मार्च को जनपद पंचायत गोटेगांव के अंतर्गत सेक्टर मुख्यालय श्रीनगर में लगाया जायेगा। इस सेक्टर में ग्राम पंचायत श्रीनगर, उमरिया, नेगुवां, भामा, कुंडा, झौंत, कटकुही, बुढ़ैना, बगासपुर, गौरतला व नगवारा शामिल रहेंगी। इन 11 ग्राम पंचायतों के लिए 11 नोडल अधिकारी बनाये गये हैं।

         बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एडीएम श्री दीपक कुमार वैद्य, एसडीएम, सीईओ जनपद, सीएमओ नगरीय निकाय और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

मिशन चिरंजीवी में गर्भवती महिलाओं व कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार पर होगा फोकस

          बैठक में मिशन चिरंजीवी अभियान पर भी चर्चा की गई। मिशन चिरंजीवी के तहत गर्भवती महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार पर फोकस किया जायेगा। इसमें महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, शहरी एवं ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा एवं आयुष विभाग मुख्य भूमिका निभायेंगे। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य संबंधी पैरामीटर्स पर विशेष ध्यान दिया जायेगा, जिसमें हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन एवं फॉलोअप, लोगों में जागरूकता बढ़ाना, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाना शामिल है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि इसके लिए मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, टेक होम राशन सुचारू रूप से संचालित होता रहे। जिले के ग्राम आरोग्य केन्द्र सक्रिय रूप से कार्य करें। इस अभियान से जुड़े अधिकारी- कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनर के द्वारा ट्रेनिंग दी जाये।

दिव्यांग हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर ही किया जाये लाभांवित

          उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण श्रीमती अंजना त्रिपाठी द्वारा पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से दिव्यांगों एवं वृद्धजनों के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों- कर्मचारियों, एनसीसी, एनएसएस, सामाजिक संस्थायें, वालेंटियर्स, जनअभियान परिषद को 5 मार्च को आयोजित दिव्यांग/ वृद्धजन स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, जिसे मिशन दिव्य वयोश्रेष्ठ सत्कार का नाम दिया गया है, के सफल आयोजन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ब्लॉक स्तर पर भी किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान की शुरूआत करने का उद्देश्य दिव्यांग हितग्राही को बगैर परेशानी के स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सहायक उपकरण एवं योजनाओं का लाभ मिल जाये। इसके लिए उसे कलेक्ट्रेट आने की आवश्यकता न पड़े।

          कलेक्टर ने कोविड- 19 टीकाकरण के लक्ष्य की पूर्ति करने पर अधिकारियों को बधाई दी। बैठक में अपर कलेक्टर वैद्य द्वारा बताया गया कि वाहन दुर्घटना में ज्ञात एवं अज्ञात वाहन से मृत व्यक्ति के परिजनों को सोलेशियम फंड के तहत राहत राशि प्रदान की जाती है। इसका भी लाभ शिविरों में दिलाया जाये।

Aditi News

Related posts