28.1 C
Bhopal
May 5, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

सामाजिक समरसता के साथ सामाजिक न्याय मध्यप्रदेश सरकार का संकल्प: मुख्यमंत्री श्री चौहानमहात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक विषमताओं को दूर करने का बीड़ा उठाया – केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री पटेल महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर अब हर साल होगा ऐच्छिक अवकाश शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल होगी महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले की जीवनी दमोह में महात्मा ज्योतिबा फुले की 195 वीं जयंती पर मुख्यमंत्री ने की अनेक घोषणाएँ

महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक विषमताओं को दूर करने का बीड़ा उठाया – केन्द्रीय राज्य मंत्री पटेल
महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर अब हर साल होगा ऐच्छिक अवकाश,शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल होगी महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले की जीवनी,दमोह में महात्मा ज्योतिबा फुले की 195 वीं जयंती पर मुख्यमंत्री ने की अनेक घोषणाएँ

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज दमोह में पिछड़ा वर्ग कल्याण के जननायक महात्मा ज्योतिबा फुले की 195 वीं जयंती समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के साथ सामाजिक न्याय मध्यप्रदेश सरकार का सकंल्प हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले से प्रेरणा लेकर मध्यप्रदेश सरकार इसी दिशा में कार्य कर रही हैं।

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने घोषणा की कि अब हर साल महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर शासकीय कर्मचारियों के लिए ऐच्छिक अवकाश रहेगा। पिछड़ा वर्ग सहित गरीबों, दलितों के उत्थान तथा बालिकाओं की शिक्षा के लिए जो महत्वपूर्ण कार्य महात्मा ज्योतिबा फुले और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सावित्री बाई फुले ने किये तथा उनके विचारों को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार उनकी जीवनी को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करेगी। दमोह जिले के लिए स्वीकृत एक सी.एम. राईज स्कूल का नाम महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर होगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक वर्ष महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती को अलग-अलग स्थान पर धूमधाम से मनाया जायेगा। केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री प्रहलाद पटेल की मांग पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिले की बटियागढ़ ग्राम पंचायत को नगर पंचायत का स्वरूप दिये जाने की भी घोषणा की।

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जिस प्रकार केन्द्रीय पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया हैं, उसी तर्ज पर मध्यप्रदेश सरकार ने भी पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का पूरा जीवन महिलाओं, गरीबों और किसानों के लिए सघंर्ष में बीता। उन्होंने महिला शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति पैदा की और विधवा विवाह की मुहिम चलाई। यही कारण रहा कि मुम्बई में वर्ष 1888 में हुई किसान सभा में उन्हें महात्मा की उपाधि दी गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि देश में दो ही महात्मा हुए, एक राष्ट्रपिता महात्मा गॉंधी और दूसरे महात्मा ज्योतिबा फुले। धन्य हैं भारत वर्ष जहाँ ऐसे महापुरूष पैदा हुए। महात्मा फुले ने अपने कर्मठ जीवन में जो इतिहास बनाया तथा पिछड़े एवं दलित वर्ग और महिलाओं के हित में जो कार्य किये, उसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश सरकार ने भी  उन वर्गों के कल्याण और हित में अनेक योजनाएँ चलाई।

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी वर्गों के मेधावी बेटे-बेटियों की उच्च शिक्षा का खर्च भी सरकार वहन करेगी। सभी वर्ग के लाखों विद्यार्थियों को विगत माह सिंगल क्लिक द्वारा स्कॉलरशिप उनके खातें में सीधे पहुँचाई गई हैं। उन्होंने बडी संख्या में उपस्थित पिछड़ा वर्ग के लोगों को संकल्प दिलाया कि महात्मा ज्योतिबा फुले के बताए मार्ग पर चलकर अपनी बेटियों को जरूर पढ़ायें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बेटियों को सम्मान मिलना चाहिए, उनका असम्मान करने वाले दुराचारियों को छोड़ा नहीं जायेगा, उन्हें कठोर सजा दिलवायी जायेगी। मुख्यमंत्री ने राज्य-मंत्री श्री रामखेलावन पटेल की प्रशंसा की कि वे म.प्र. पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के पुनर्गठन का प्रयास कर रहे हैं।

राज्य स्तरीय पुरस्कारों का वितरण

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समारोह में विगत तीन वर्षों के म.प्र. महात्मा ज्योतिबा फुले पिछड़ा वर्ग सेवा राज्य पुरस्कार वितरित किये। वर्ष 2017-18 के लिए डबरा के डाँ. हुकुम सिंह कुशवाह, वर्ष 2018-19 के लिए उमरिया के श्री बी. आर. सातपुते तथा वर्ष 2019-20 के लिए रीवा के श्री आर. एन. पाटिल को 2-2 लाख रूपये के चेक एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट किये गये।

केंद्रीय खाद्य प्र-संस्करण, उद्योग एवं जलशक्ति राज्य मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक विषमताओं को दूर करने का बीड़ा उठाया था। श्री पटेल ने कहा कि ज्योतिबा फुले ने अपनी पत्नी के साथ जन-जागरण किया और वो जागरण महिला शिक्षा, बाल विवाह के विरोध और विधवा विवाह के समर्थन का जागरण था। इसीलिए समाज ने उन्हें महात्मा की उपाधि दी। श्री पटेल ने महात्मा ज्योतिबा एवं उनकी पत्नी के चरणों में नमन करते कहा कि उन्होंने 200 वर्ष पूर्व जो अभियान चलाया, वह महिला सशक्तिकरण का अभियान लगातार जारी हैं। आज महत्वपूर्ण दिन इसलिए हैं कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल-अभिषेक अभियान की शुरूआत की हैं। हम प्रकृति की रक्षा करें तो आने वाली पीढ़ी का जीवन सुखद होगा।

 खाद्य प्र-संस्करण, (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह नें कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले को महात्मा की उपाधि ऐसे

ही प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने पिछड़ा, दलित एवं शोषित वर्ग के लिए जिस तरह से पूरे जीवन संघर्ष किया, उसी संघर्ष की वजह से ही उन्हें महात्मा की उपाधि दी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा वह करके भी दिखाया है। उन्होंने दमोह में एक स्कूल महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम से करने का आग्रह भी किया।

पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री राम खेलावन पटेल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य वर्गों तथा महिलाओं को शिक्षा का लाभ दिलाने की दिशा में उल्लेखनीय काम किये हैं, इसलिए उन्हें महात्मा की उपाधि मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग के 7 लाख छात्रों को 2021-22 में 878 करोड़ 97 लाख रूपये पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति स्वीकृत की गई हैं। हाल ही में 25 मार्च को मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम सें लगभग 3 लाख छात्रों के खातों में छात्रवृत्ति भेजने का काम किया है।           

विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दमोह जिले के लिए 260 करोड़ रूपये से अधिक के विकास और निर्माण कार्यो का  भूमि-पूजन और लोर्कापण किया।

 सीटी स्केन मशीन लोकार्पित

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने दमोह जिले की बहुप्रतीक्षित सीटी स्केन मशीन भी लोकार्पित की।

कार्यक्रम में दमोह जिले के प्रभारी और राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, अध्यक्ष मध्यप्रदेश भंडार गृह निगम श्री राहुल सिंह लोधी, विधायक सर्वश्री जालम सिंह पटेल, पी.एल. तंतुवाय, धर्मेन्द्र सिंह लोधी, शिशुपाल यादव, श्रीमती रामबाई सिंह परिहार सहित जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Aditi News

Related posts