24.1 C
Bhopal
April 27, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर हुआ बुजुर्गों का सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर नरसिंहपुर में हुआ बुजुर्गों का सम्मान

नरसिंहपुर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई हाल में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विधायक श्री जालम सिंह पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, कलेक्टर श्री रोहित सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं बुजुर्गों ने दीप प्रज्जवलित ‍कर किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बुजुर्गों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के 126 बुजुर्गों को अतिथियों ने माला पहनाकर और शाल- श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। सभी बुजुर्गों को आयुष विभाग की आयुर्वेदिक औषधियों की “आयु रक्षा किट” भी भेंट की गई। अतिथियों ने मंच से उतरकर बुजुर्गों का सम्मान किया। इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 23 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुष विभाग द्वारा आयुष काढ़ा के पैकेट और औषधियां बुजुर्गों को नि:शुल्क वितरित की गई। इस अवसर पर एक दिव्यांग बुजुर्ग को कान की मशीन भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में विधायक श्री पटैल ने कहा कि वृद्धजन हमारे मार्गदर्शक हैं। बुजुर्ग हमारी पूंजी हैं। देश की संस्कृति, संस्कार व सभ्यता का आधार बुजुर्ग हैं। वृद्धजनों से हमें संस्कार और संस्कृति सीखने को मिलती है। उन्हें जीवन का अनुभव होता है। इस अनुभव से वर्तमान में आने वाली समस्याओं के निराकरण में मदद मिलती है। श्री पटैल ने कहा कि संयुक्त परिवार और सामाजिक व्यवस्था बनाये रखने में वृद्धजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने इस बात पर चिंता प्रकट की कि पाश्चात्य प्रभाव के कारण हमारे यहां संयुक्त परिवार एकल परिवार की ओर बढ़ रहे हैं।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित किया जा रहा है। जिले में 100 वर्ष से अधिक आयु के 89 मतदाताओं हैं। जिले में 80 वर्ष से अधिक आयु के 15 हजार 575 मतदाता हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें इतने बुजुर्गों का मार्गदर्शन मिल रहा है। बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं। बुजुर्गों का सम्मान अपनी जड़ों का सम्मान है। श्री सिंह ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करने से आयु, विद्या, यश एवं बल की वृद्धि होती है। हमें बुजुर्गों की सेवा का अवसर नहीं चूकना चाहिये। उन्होंने बुजुर्गों के अच्छे स्वास्थ्य, प्रसन्नता एवं दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने बताया कि जिले में दिव्य वयोश्रेष्ठ सत्कार के रूप में जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगों एवं बुजुर्गों की हर संभव मदद करने का संकल्प लिया गया है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती काकोड़िया एवं उपाध्यक्ष श्रीमती ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने बुजुर्गों को शुभकामनायें दी।

उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण श्रीमती अंजना त्रिपाठी ने बुजुर्गों के कल्याण के लिए संचालित शासन की योजनाओं की जानकारी दी और इनका लाभ लेने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक श्री डीपी उदेनिया, श्री सीबी नेमा, श्री साहू, श्री जीएस कुरील, श्री पीएस राघव, श्री एसके चतुर्वेदी ने अपने अनुभव साझा किये। अतिथियों के साथ वरिष्ठ नागरिक श्री नीलमणि दुबे, श्री उदेनिया एवं श्रीमती पुष्पा शर्मा मंचासीन थी। कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री एवं आभार प्रदर्शन श्री जय नारायण शर्मा ने‍ किया।

Aditi News

Related posts