35.1 C
Bhopal
April 27, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

कलेक्टर ने किया चांवरपाठा विकासखंड के ग्रामों का भ्रमण

कलेक्टर ने किया चांवरपाठा विकासखंड के ग्रामों का भ्रमण

नरसिंहपुर, 26 नवम्बर 2022. कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने चांवरपाठा विकासखंड के ग्रामों का भ्रमण किया। उन्होंने निर्माण कार्य देखे, स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखी। कलेक्टर ने ग्रामीणों से रूबरू चर्चा भी की। उन्होंने विकासखंड करेली के बरमानकलां का भी भ्रमण किया।

कलेक्टर ने बरमानकलां में आयुष्मान कार्ड शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां आयुष्मान कार्ड बनाने में सबसे कम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों में शीघ्र आयुष्मान कार्ड बनाकर कम से कम 85 प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश सीईओ जनपद करेली को दिये। उन्होंने बरमानकलां में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट साइट और नर्मदा परिक्रमा पथ का निरीक्षण किया। उन्होंने अतिक्रमण हटवाकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिये।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चांवरपाठा का निरीक्षण किया और निर्माणाधीन भवन का अवलोकन किया। उन्होंने डिलेवरी, दवाईयों की उपलब्धता, टीकाकरण और स्टाफ की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि अनमोल एप्लीकेशन की एंट्री के अनुसार शतप्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जावे।

इसके बाद उन्होंने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चांवरपाठा का निरीक्षण किया और परीक्षा परिणाम में सुधार लाने के निर्देश दिये। उन्होंने स्कूलों में कराये जाने वाले निर्माण कार्यों की सूची सीईओ जिला पंचायत को उपलब्ध कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिये।

कलेक्टर ने चांवरपाठा में आयोजित दिव्यांगता परीक्षण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां मेडिकल बोर्ड एवं यूडीआईडी कार्ड बनने की जानकारी ली। उन्हें अवगत कराया गया ‍कि शिविर में तीन दृष्टिबाधित, दो अस्थिबाधित एवं एक मानसिक दिव्यांग समेत कुल 6 दिव्यांगता प्रमाण पत्र अब तक बनाये जा चुके हैं। उन्होंने यहां नवगृह वाटिका एवं मां की बगिया का भी अवलोकन किया। साथ ही प्रस्तावित अमृत सरोवर स्थल का निरीक्षण किया।

सुश्री बाफना ने डोभी में आयुष्मान कार्ड शिविर के निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि सर्वर की समस्या होने पर जब सर्वर तेज चलता है, उस समय शीघ्रता से आयुष्मान कार्ड बनाये जायें। लक्ष्य के अनुरूप आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य तीन से चार दिन में पूर्ण कर लिया जावे। उन्होंने सीएम राइज स्कूल डोभी के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में दर्ज बच्चों और परीक्षा परिणाम की जानकारी ली और स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने अमृत सरोवर और वॉटर शेड के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने उमाहा में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया, इसके निर्माण की लागत 13.50 लाख रुपये है, इसे मछली पालन के लिए स्वसहायता समूह की महिलाओं को दिया गया है। ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा अगले साल सरोवर में सिंघाड़े लगाये जायेंगे और मछली पालन किया जायेगा। कलेक्टर ने निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने और तालाब पर पौधरोपण कराने के निर्देश सहायक यंत्री को दिये।

कलेक्टर ने ढिलवार में मुख्यमंत्री सरोवर एवं वॉटर शेड के तालाब, वॉटर शेड के कंटूर ट्रेंच, वॉटर शेड के अमृत सरोवर, ग्राम पंचायत ऊमरपानी के ग्राम जैतपुर में वॉटर शेड के अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने ढिलवार के वॉटर शेड के कंटूर ट्रेंच के कार्यों की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई और भुगतान नहीं करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तेंदूखेड़ा का निरीक्षण किया और पदस्थ डॉक्टरों, दवाईयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में मरम्मत के आवश्यक कार्य कराने और बाउंड्रीवाल के लिए स्टीमेट देने के निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने तहसीलदार न्यायालय तेंदूखेड़ा का निरीक्षण‍ किया। उन्होंने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरण देखे और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने रम्पुरा में धान खरीदी केन्द्र का मुआयना किया और आवश्यक निर्देश दिये।

Aditi News

Related posts