37.1 C
Bhopal
April 29, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

कलेक्टर ने की चिनकी- बोरास बराज संयुक्त बहुउद्देशीय परियोजना की समीक्षा

कलेक्टर ने की चिनकी- बोरास बराज संयुक्त बहुउद्देशीय परियोजना की समीक्षा

नरसिंहपुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने जिले में चिनकी- बोरास बराज संयुक्त बहुउद्देशीय परियोजना के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में की। उन्होंने परियोजना के तकनीकी बिंदुओं की जानकारी ली और भू- अर्जन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर ने भू- अर्जन के प्रकरणों का निराकरण राजस्व विभाग के समन्वय से तेजी से करने के निर्देश एनव्हीडीए के अधिकारियों को दिये। सुश्री बाफना ने प्राथमिकता तय कर समय सीमा में निर्धारित लक्ष्य पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार- प्रसार करें और इससे होने वाले लाभ के बारे में लोगों को बतायें।

बैठक में सुश्री बाफना ने कहा कि जिन किसानों की भूमि अधिगृहीत की जाना है, अपर कलेक्टर एवं तहसीलदार उनसे बेहतर संवाद बनायें और उनकी शंकाओं का समाधान करें। परियोजना क्षेत्र में मुनारे लगवायें और मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करें।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन के नर्मदा घाटी विकास विभाग के अंतर्गत चिनकी- बोरास बराज संयुक्त बहुउद्देशीय परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस परियोजना में नर्मदा नदी पर बराजों का निर्माण कराया जायेगा। इससे नरसिंहपुर जिले की 41 हजार 100 हेक्टर भूमि, रायसेन जिले की 70 हजार 635 हेक्टर भूमि एवं नर्मदापुरम जिले की 20 हजार 190 हेक्टर भूमि में दाबयुक्त सूक्ष्म पाइप प्रणाली द्वारा सिंचाई सुविधा विकसित की जानी है। संयुक्त परियोजना में प्रत्येक बराज से 25 मेगावाट न्यूनतम स्थापित क्षमता के विद्युत गृह का निर्माण कराया जाना भी प्रस्तावित है। परियोजना की कुल लागत 5839.32 करोड़ रूपये है। परियोजना के निर्माण कार्य करने के लिए मेसर्स आरव्हीआरपीपीएल हैदराबाद द्वारा अनुबंध किया गया है।

चिनकी- बैराज के अंतर्गत नरसिंहपुर जिले की 344.29 हेक्टर निजी भूमि एवं बोरास- बैराज के अंतर्गत नरसिंहपुर ज़िले की 269.93 हेक्टर निजी भूमि प्रभावित हो रही है। कार्यपालन यंत्री एनव्हीडीए श्री अंकुर शर्मा ने बताया कि डूब भराव क्षेत्र में आवासीय मकानों के डूब प्रभावित होने से किसी भी प्रकार के विस्थापन की स्थिति निर्मित नहीं हो रही है।

Aditi News

Related posts