34.1 C
Bhopal
May 8, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर, कलेक्टर ने किया उपार्जन केन्द्रों, सिलाई सेंटर, लाड़ली बहना योजना के शिविरों, राजस्व कैम्पों का निरीक्षणउ,मरिया में शासकीय बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने किया उपार्जन केन्द्रों, सिलाई सेंटर, लाड़ली बहना योजना के शिविरों, राजस्व कैम्पों का निरीक्षण,मरिया में शासकीय बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र का किया निरीक्षण

नरसिंहपुर।कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने बुधवार को जिले की करेली एवं सांईखेड़ा तहसील के ग्रामीण अंचल का भ्रमण किया। उन्होंने तहसील करेली के ग्राम उमरिया- चिनकी, तहसील सांईखेड़ा के ग्राम जमाड़ा, खुरसीपार, पिठेहरा और खैरीपाली का भ्रमण किया। इस दौरान कलेक्टर ने शासकीय बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र, समर्थन मूल्य पर गेहूं और चना/ मसूर की खरीदी के लिए बनाये गये उपार्जन केन्द्रों, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शिविरों और राजस्व कैम्पों का निरीक्षण किया।

ग्राम उमरिया- चिनकी

      कलेक्टर ने उमरिया- चिनकी में शासकीय बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शेडों में जाकर बकरी पालन के कार्य को देखा और जानकारी ली। यहां की व्यवस्थाओं की कलेक्टर ने सराहना की। इस बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र में 300 बकरी पशु हैं। इनमें 277 सिरोही नस्ल की, 23 बरबरी नस्ल की बकरी हैं, इनमें 11 बड़े नर बकरे शामिल हैं। कलेक्टर ने बकरी पालन केन्द्र के समीप अमृत सरोवर बनवाने के लिए सीईओ जनपद को निर्देशित किया। यहां पर सुश्री बाफना बकरी पालन का प्रशिक्षण लेने वाले प्रशिक्षुओं से रूबरू हुई। प्रशिक्षण में प्रदेश के 9 जिलों के 54 प्रशिक्षुओं को बकरी पालन पर 3 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रक्षेत्र में मार्च 2023 तक कुल 224 बकरी पालक/ युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। सुश्री बाफना ने बकरी पालन और इससे होने वाली आमदनी, जिले के वातावरण के अनुकूल नस्ल वाली बकरियों आदि के बारे में जानकारी ली। वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने किसानों और स्वसहायता समूहों को बड़े पैमाने पर बकरी पालन के लिये प्रेरित करने एवं प्रशिक्षण दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं में बकरी पालन के लिए ऋण दिलाने के लिए बैंकर्स से सम्पर्क कर बकरी पालकों को लाभांवित करने की बात कही।

ग्राम जमाड़ा

      ग्राम जमाड़ा में कलेक्टर ने आजीविका यूनिफार्म सिलाई सेंटर, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शिविर और राजस्व कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूली बच्चों की गणवेश की सिलाई करने वाली स्वसहायता समूह की महिलाओं से बात की और कपड़े की गुणवत्ता देखी। उन्होंने कहा कि यदि कपड़े की गुणवत्ता खराब हो, तो उसे वापस कर दें। गणवेश की गुणवत्ता में कोई गड़बड़ी नहीं होना चाहिये। कलेक्टर ने गणवेश सिलाई के कार्य पर संतोष प्रकट किया। यहां 30 स्वसहायता समूह की 314 महिलायें जुड़ी हैं।

      सुश्री बाफना ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शिविर में अब तक हुए पंजीयन की जानकारी ली। उन्हें अवगत कराया गया कि 477 पात्र महिलाओं के लक्ष्य में से 293 महिलाओं का पंजीयन हो चुका है। कलेक्टर ने महिलाओं के बैंक खाते से आधार लिंकिंग एवं डीबीटी इनेबल्ड की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि अपात्र महिलाओं का पंजीयन नहीं किया जाये। अपात्रता का परीक्षण करें।

      सुश्री बाफना ने राजस्व चौपाल के अंतर्गत सीमांकन, बटवारा, जाति प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विभिन्न राजस्व प्रकरणों के निराकरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यहां बावड़ी में मनरेगा से साफ- सफाई एवं मरम्मत का कार्य कराने के लिए निर्देशित किया।

ग्राम खुरसीपार

      ग्राम खुरसीपार में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शिविर एवं राजस्व कैम्प का निरीक्षण किया। उन्होंने लाड़ली बहना योजना के पंजीयन की जानकारी ली। यहां 743 महिलाओं में से 430 का पंजीयन हो चुका है। कलेक्टर ने कहा कि अपात्र महिलाओं का पंजीयन नहीं कराया जाये। उन्होंने महिलाओं के बैंक खातों में ई- केवायसी, आधार लिंकिंग और खातों को डीबीटी इनेबल्ड कराने के लिए कहा और शिविर में मौजूद महिलाओं से चर्चा की। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण की प्रगति के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि राशि मिलने के बावजूद जो आवास नहीं बना रहे हैं, उनकी पेशी तहसीलदार न्यायालय में करायें।

      कलेक्टर ने राजस्व कैम्प में राजस्व प्रकरणों, भूमि पर कब्जा, रास्ता विवाद समेत अनेक प्रकरणों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के लिए सीमांकन कराने के निर्देश दिये। ग्रामवासियों की शिकायत पर कलेक्टर ने शराब पीकर गांव में माहौल खराब करने वालों के विरूद्ध 107- 116 की कार्रवाई करने के निर्देश दिये। सुश्री बाफना ने गांव में लायब्रेरी शीघ्र तैयार करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने मनरेगा से खुली बावड़ी का जीर्णोद्धार और खेल मैदान का कार्य करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने बावड़ी में जाली लगवाने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने यहां दो डग पॉण्ड बनवाने और मछली पालन के लिए स्वसहायता समूह की महिलाओं को प्रेरित करने के निर्देश दिये, जिससे इन महिलाओं की आमदनी बढ़ सकेगी।

उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण

      कलेक्टर सुश्री बाफना ने शारदा वेयर हाऊस पिठेहरा और केशवानंद वेयर हाऊस खैरीपाली में बनाये गये उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण‍ किया। खरीदी केन्द्रों पर तौल- कांटे, बारदानों की उपलब्धता, स्लॉट बुकिंग, एफएक्यू नान एफएक्यू स्टाक आदि की जानकारी सुश्री बाफना ने ली और किसानों से रूबरू चर्चा की।

      शारदा वेयर हाऊस पिठहेरा में कलेक्टर ने चना/ मसूर खरीदी कार्य का जायजा लिया। उन्होंने चना की खरीदी, एफएक्यू गुणवत्ता, तौल- कांटा, स्लॉट बुकिंग आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अपने सामने चना की तौल कराई। तौल सही नहीं आने और तौल- कांटा गड़बड़ होने पर कलेक्टर ने खरीदी प्रभारी/ समिति अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी करने और कम वजन से होने वाले नुकसान की रिकव्हरी उनसे व्यक्तिगत रूप से करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने यहां वेयर हाऊस परिसर में कदम्ब का पौधा रोपा।

      केशवानंद वेयर हाऊस खैरीपाली में कलेक्टर ने गेहूं खरीदी का कार्य देखा और अपने सामने तौल कराई। उन्होंने नमी मापक यंत्र से नमी देखी और एफएक्यू व नान एफएक्यू गेहूं के नमूने देखे। खरीदे गये गेहूं में अधिक नमी पाये जाने पर उन्होंने होने वाले नुकसान की रिकव्हरी समिति अध्यक्ष/ खरीदी प्रभारी से करने के निर्देश दिये। सुश्री बाफना ने कहा कि उपार्जन के बाद गेहूं का वेयर हाऊस के भीतर उसी दिन भंडारण कराया जाये।

      खैरीपाली में उन्होंने ग्राम पंचायत भवन और परिसर में बनी वाटिका का मुआयना किया। उन्होंने यहां लाड़ली बहना योजना के शिविर का निरीक्षण भी किया। शिविर में अब तक 322 महिलाओं का पंजीयन किया जा चुका है। कलेक्टर ने ग्राम में लायब्रेरी बनवाने के लिए निर्देशित किया।

Aditi News

Related posts