मप्र के स्थापना दिवस पर सप्ताह भर होंगे आयोजन
प्रत्येक निकाय में 3 नवंबर को चलेगा अभियान, चौक चौराहों पर जलाए जाएंगे 67 दीप
समस्त निकाय सक्रिय भागीदारी कर साफ-सफाई, खेलकूद गतिविधियाँ कराएँ: मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह
मध्यप्रदेश का 67वां स्थापना दिवस प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा। पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ की जाएंगी। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने प्रत्येक निकाय में हर्षोल्लास के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। विशेष कर 3 नवंबर को समस्त निकायों में अभियान चला कर साफ-सफाई एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। श्री सिंह ने विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि जन-प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आमजन की भागीदारी में संबंधित विभागों के सहयोग से हर वार्ड में कार्यक्रम किए जाएँ। विशेष कर बालिकाओं से संबंधित खेल गतिविधियाँ हर वार्ड में अनिवार्य रूप से हो।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश के स्थापना दिवस पर 1 से 7 नवंबर तक नगर, वार्ड और जोन में विभिन्न गतिविधियाँ एवं प्रतियोगिताएँ की जाएंगी। विशेष कर 3 नवंबर को खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जिला प्रशासन के सहयोग से नगरीय विकास विभाग द्वारा कार्यक्रम किए जाएं। इनमें स्वच्छता, सजावट, रंगोली केंद्रित गतिविधियाँ कराई जाएँ। महा पुरुषों की प्रतिमाओं, ऐतिहासिक स्मारकों और प्रमुख बाजारों में सफाई कराई जाए। प्रत्येक निकाय के समस्त महत्वपूर्ण स्थलों पर 67 दीप प्रज्ज्वलन किये जायेंगे। इसी दिन प्रदेश के सभी जिलों में खेल एवं स्थानीय व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी शुरू की जाएंगी।
नगरीय विकास मंत्री श्री सिंह ने कहा है कि स्थापना दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को प्रदेश का इतिहास, वैभव, ऐतिहासिक महत्व, विकास गाथा, महा पुरूषों से परिचित कराने के साथ सभी को अपने प्रदेश से भावनात्मक रूप से संबद्ध करना है। ताकि यह जन-जन का आयोजन बन सके। श्री सिंह ने नगरीय निकायों के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समस्त गतिविधियों और कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए।
म.प्र. के विकास और बालिकाओं को मिलेगा बढ़ावा
श्री सिंह ने कार्यक्रमों के संबंध में सभी निकायों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक वार्ड में अभियान के तौर पर साफ-सफाई कराने के साथ ही प्रदेश के विकास को रेखांकित करते हुए रंगोली, वाद-विवाद, भाषण, पेंटिंग आदि प्रतियोगिताएँ की जाएँ। स्कूलों में स्वच्छता का संदेश देते हुए श्रमदान रखा जाए। साथ ही बालिकाओं से संबंधित खेल गतिविधियाँ बड़ी संख्या में अनिवार्य रूप से कराई जाएँ। श्री सिंह ने कहा है कि निकाय स्तर पर नवाचार करते हुए स्थापना दिवस पर उत्सव का वातावरण निर्मित करने के लिए कार्यक्रम हो।