40.1 C
Bhopal
May 4, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर, गौ एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना टोल फ्री नम्बर 1962 पर गौ एम्बुलेंस के माध्यम से घर पहुंच पशु चिकित्सा सेवा मिलेगी

गौ एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

टोल फ्री नम्बर 1962 पर गौ एम्बुलेंस के माध्यम से घर पहुंच पशु चिकित्सा सेवा मिलेगी

नरसिंहपुर। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें के नरसिंहपुर स्थित कार्यालय से मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी श्री अखिलेश्वरानंद गिरी, राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अखिलेश्वरानंद गिरी ने कहा कि गौवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में गौसंवर्धन बोर्ड सतत रूप से कार्य कर रहा है। बोर्ड द्वारा गौ उत्पाद निर्मिताओं, शोध प्रबंधन और इससे संबंधित अन्य कार्यों में लगे लोगों एवं एनजीओ को गौशालाओं के साथ संबद्ध किया जा रहा है। ग्राम पंचायत एवं गौशाला संचालन समिति के मध्य समन्वय से गौशालाओं में पशुओं को सभी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति की जा रही है। गौशाला प्रबंधन के आठ आयामों को शामिल कर उन आयामों के अनुसार संचालन किया जा रहा है। फिनायल के स्थान पर गौनायल का इस्तेमाल, गोबर द्वारा तैयार किये गये पेंट से गौसंवर्धन बोर्ड के भोपाल भवन की पुताई कराई जा रही है। यह सभी उत्पाद सस्ते एवं गुणवत्तायुक्त है। उन्होंने बताया कि एम्ब्रीयो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी प्रदेश में विकसित की गई है। इसके द्वारा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि गौवंश कभी अनुपयोगी नहीं होता है। गौउत्पाद भारत को आर्थिक उन्नति की दिशा में लेकर जाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

      सांसद श्री सोनी ने कहा कि गाय के इलाज के लिए संसाधन गाय तक पहुंचाना जरूरी है, इसके लिए गौ एम्बुलेंस की शुरूआत की गई है। उन्होंने बताया कि गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गौमूत्र में सारे मिनरल्स मौजूद होते हैं। महानगरों में गाय थेरेपी प्रारंभ हो चुकी है। वैज्ञानिक पद्धति से गोबर द्वारा पेंट तैयार किये जा रहे हैं, जो पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है। गाय के गोबर द्वारा गौकाष्ट, अगरबत्ती एवं गोबर गैस तैयार की जा रही है। यह सभी गौ उत्पाद परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त करने में भी महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पशु पालकों द्वारा टोल फ्री नम्बर 1962 पर फोन करने पर गौ एम्बुलेंस के माध्यम से घर पहुंच पशु चिकित्सा सेवा प्राप्त होगी। इस वाहन में पशुओं के लिए आवश्यक औषधियां और सैम्पिलिंग आदि की व्यवस्था रहेगी।

      कार्यकम में आदर्श गौशाला केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर को 5 लाख रुपये और गौसंवर्धन बोर्ड द्वारा देवराम जानकी गौशाला बगदरा को 5 लाख रुपये का चैक प्रदान किया गया। साथ ही गोबर द्वारा निर्मित प्राकृतिक पेंट भी यहां नवाचार के रूप में प्रदान किये गये।

      उल्लेखनीय है कि गौ रक्षा संकल्प के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन से पशुओं के उपचार के लिए जिले के सभी विकासखंडों के लिए एक- एक गौ एम्बुलेंस प्राप्त हुई है।

      कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुनीता खंडायत, उप संचालक पशु पालन डॉ. असगर खान, जिला पंचायत सदस्य श्री सीताराम नामदेव, श्रीमती स्वाति स्थापक, श्री बालक दास महाराज, कल्याणी पांडे, डॉ. अनंद दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद थे।

Aditi News

Related posts