29 C
Bhopal
May 4, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर जिले के मुख्य समाचार, नरसिंहपुर में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का हुआ शुभारंभ,

नरसिंहपुर में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का हुआ शुभारंभ,650 हितग्राहियों को 3.17 करोड़ रूपये के हितलाभ वितरित,31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का शुभारंभ विधायक श्री जालम सिंह पटैल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया ने दीप प्रज्जवलित व कन्या पूजन कर शासकीय स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय- पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम हॉल में शनिवार 17 सितम्बर को किया। यह अभियान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में 31 अक्टूबर तक चलाया जायेगा। शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने जिले के 650 हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 3.17 करोड़ रूपये के हितलाभ वितरित किये।

     इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे व उपाध्यक्ष श्री अजीत ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री सीताराम नामदेव, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य, अन्य जनप्रतिनिधि, स्वसहायता समूह की महिलायें, हितग्राही और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।

     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री जालम सिंह पटैल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश में 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान चलाया जा रहा है। श्री मोदी अंत्योदय के लिए कृत संकल्पित हैं। उनके द्वारा सेवा, संस्कार व सुरक्षा से जुड़े अनेक कार्य किये जा रहे हैं। कोरोना काल में लगातार प्रयास कर वैक्सीन बनाई गई। देश में अब तक लोगों को करीब 210 करोड़ कोरोना वैक्सीन की डोज लग चुकी हैं। इस दौरान 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन वितरित किया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुरूप प्रदेश में जन कल्याण के अनेक कार्य किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जायेगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। श्री पटैल ने जिले में जल संवर्धन व जल संरक्षण के कार्यों पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने जिले में नशा मुक्ति अभियान को गति देने और इस बारे में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

     कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के दौरान हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ जन- जन तक और घर- घर तक पहुंचाया जायेगा। ग्रामीण एवं शहरी वार्डों में दो बार शिविर लगाकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जायेगा। जिले में 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए कैलेंडर बनाया गया है। 21 सितम्बर को सभी नगरों व ग्रामों में जन सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा और श्रमदान किया जायेगा। 22 सितम्बर को लाड़ली लक्ष्मी योजना का जिला स्तरीय कार्यक्रम होगा। 23 सितम्बर को ऊर्जा साक्षरता की गतिविधियां होंगी। 24 सितम्बर को अनुसूचित जाति- जनजाति छात्रावासों में भ्रमण व निरीक्षण कर विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। 26 सितम्बर को स्वस्थ बाल प्रतिस्पर्धा होगी। 27 सितम्बर को सभी गौशालाओं में गौसेवा के लिए अभियान चलाया जायेगा, इसमें सभी जुड़ें। 29 सितम्बर को 19 एमएसएमई क्लस्टर का शिलान्यास कार्यक्रम व एमएसएमई सम्मेलन होगा, इसमें अधिकाधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जायेगा। दो अक्टूबर को स्वामित्व योजना के अधिकार अभिलेख वितरित किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का उद्देश्य है कि सभी पात्र व्यक्तियों को शासन की 33 हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ सरलता से मिले। हमारा मानना है कि “एक भी हितग्राही छूटा- तो संकल्प हमारा टूटा”।

     कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर व नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे ने अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने अभियान के दौरान लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। सीईओ जिला पंचायत ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री और आभार प्रदर्शन श्री जयनारायण शर्मा ने किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी के उदबोधन का सीधा प्रसारण

     इस मौके पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उदबोधन का श्योपुर जिले से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में मौजूद लोगों ने देखा व सुना।

हितग्राहियों को हितलाभ वितरित

     शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती काकोड़िया, कलेक्टर श्री सिंह और अन्य अतिथियों ने हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप चैक, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र आदि हितलाभ वितरित किये। यहां मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 3 स्वसहायता समूहों को 6 लाख रूपये व मुख्यमंत्री पथ विक्रेता योजना के दो हितग्राहियों को 20 हजार रूपये, दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना व राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के 8 हितग्राहियों को दो लाख 60 हजार रूपये, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 के अंतर्गत दो हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस चूल्हा व कनेक्शन, तीन हितग्राहियों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को 34 लाख 65 हजार रूपये, केसीसी के अंतर्गत दो हितग्राहियों को 2.75 लाख रूपये, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के अंतर्गत दो हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 5 हितग्राहियों को 25 हजार रूपये, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 5 हितग्राहियों को 5 लाख 90 हजार रूपये, लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के अंतर्गत दो हितग्राहियों को 25 हजार रूपये और संबल योजना के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को संबल कार्ड आदि हितलाभ प्रदान किये गये।

दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपकरण वितरित

     कार्यक्रम में विधायक श्री जालम सिंह पटैल ने विधायक निधि से दो दिव्यांगों को मोट्रेट साईकिल प्रदान की। यहां अतिथियों ने तीन दिव्यांगों को एमआर किट, दो दिव्यांगों को कान की मशीन, एक दिव्यांग को वैशाखी और तीन दिव्यांगों को प्रतीक स्वरूप दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किये।

जिले में 106 स्थानों पर हुआ 24 हजार पौधों का रोपण

     मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत महिला स्वसहायता समूह की सदस्यों ने जिले के 106 चिन्हित स्थानों पर करीब 24 हजार पौधों का रोपण किया। पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के परिसर में विधायक श्री पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती काकोड़िया, कलेक्टर श्री सिंह और अन्य अतिथियों ने पौधे रोपे।

रक्तदान शिविर

     मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के शुभारंभ अवसर पर शनिवार को जिले के गोटेगांव, नरसिंहपुर व करेली में विभिन्न स्थानों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किये गये। रक्तदान शिविरों में अपरान्ह 3 बजे तक 320 यूनिट ब्लड डोनेट किया जा चुका था।

जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र का किया उदघाटन

     कार्यक्रम के पश्चात रेडक्रास भवन के समीप जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र का उदघाटन विधायक श्री पटैल, कलेक्टर श्री सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती काकोड़िया व उपाध्यक्ष श्रीमती ठाकुर और अन्य अतिथियों ने किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में स्थापित मशीनों का अवलोकन किया। उन्होंने उप संचालक सामाजिक न्याय को निर्देश दिये कि दिव्यांग बच्चों एवं बुजुर्गों को उक्त केन्द्र की जानकारी दी जाये एवं उन्हें इसका लाभ दिया जाये।

कलेक्टर ने किया पाला ग्राम पंचायत में पौधरोपण
स्वसहायता समूह की महिलाओं से की चर्चा
नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत 17 सितम्बर को कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने नरसिंहपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत पाला में आम का पौधा लगाया। इस दौरान उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की।
सरस्वती स्वसहायता समूह की अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि गांव में 13 स्वसहायता समूह हैं, जिनके द्वारा अगरबत्ती, साबुन एवं खोबा निर्माण किया जाता है। अगरबत्ती निर्माण में प्रतिदिन दो किलो सामग्री की आवश्यकता होती है। इनकी पैकिंग अलग- अलग संख्या में की जाती है। मध्यान्ह भोजन बनाने वाले स्वसहायता समूह से कलेक्टर श्री सिंह ने पूछा कि आज बच्चों को भोजन में क्या दिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को मैन्यु के आधार पर गुणवत्तायुक्त भोजन दिया जाये। ग्रामवासियों से चर्चा के दौरान उन्होंने उनकी समस्यायें जानी। कलेक्टर श्री सिंह ने स्वसहायता समूहों को मुर्गी पालन कर अतिरिक्त आय अर्जित करने की भी प्रेरणा इस दौरान दी।

Aditi News

Related posts